स्पोर्ट्स

Sultan Johor Cup 2025: ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने उतरेगी भारत की जूनियर हॉकी टीम

पी आर श्रीजेश की कोचिंग वाली भारतीय जूनियर हॉकी टीम सुल्तान जोहोर कप में में शनिवाल को अपने अभियान की शुरुआत ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ करेगी। जानिए क्यों भारतीय टीम के लिए अहम है ये टूर्नामेंट?

Image

पीआर श्रीजेश

जोहोर बाहरु (मलेशिया): पी आर श्रीजेश की कोचिंग वाली भारतीय जूनियर हॉकी टीम शनिवार से शुरू होने वाले सुल्तान जोहोर कप में दमदार प्रदर्शन करके आगामी जूनियर विश्व कप के लिए अपनी तैयारी को पुख्ता अंजाम देने की कोशिश करेगी। जोहोर कप में भारत का पहला मुकाबला शनिवार को ग्रेट ब्रिटेन से होगा। श्रीजेश का मानना है कि सुल्तान जोहोर कप, 28 नवंबर से चेन्नई और मदुरै में होने वाले जूनियर विश्व कप से पहले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ अपने कौशल को परखने के लिए युवा खिलाड़ियों को शानदार मंच प्रदान करेगा।

भारत के दिग्गज गोलकीपर ने कहा,'सुल्तान जोहोर कप हमारे लिए हमेशा से एक विशेष टूर्नामेंट रहा है। हमारी मौजूदा सीनियर टीम के कई खिलाड़ियों ने पहली बार यहीं पर अपनी छाप छोड़ी थी। यह युवा खिलाड़ियों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने के लिए एक आदर्श मंच प्रदान करता है तथा उन्हें यह समझने में मदद करता है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए क्या करना पड़ता है।'

श्रीजेश ने कहा,'यह (सुल्तान जोहोर) टूर्नामेंट इस साल के अंत में होने वाले जूनियर विश्व कप की तैयारी के लिए एक बेहतरीन मंच भी साबित होगा। इस टूर्नामेंट में मजबूत टीमों का सामना करने से खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर की प्रतिस्पर्धा का वास्तविक अनुभव मिलेगा।'

टीम की रणनीति के बारे में विस्तार से बताते हुए दो बार के ओलंपिक कांस्य विजेता ने कहा कि जूनियर विश्व कप की तैयारी के दौरान रचनात्मकता, अनुशासन और आक्रामकता टीम का मुख्य फोकस होगा। श्रीजेश ने कहा, ‘‘हम हर प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हैं, लेकिन हमारा ध्यान अपनी तरह की आक्रामक और साहसिक हॉकी खेलने पर है। टीम इस टूर्नामेंट में भारत की विरासत को जानती है। हमारे खिलाड़ी उस परंपरा को कायम रखने के लिए दृढ़ हैं और शीर्ष पर पहुंचने का लक्ष्य रखते हैं।'

भारत सुल्तान जोहोर कप में दूसरी सबसे सफल टीम है, जिसने तीन खिताब (2013, 2014 और 2022) जीते हैं। केवल ग्रेट ब्रिटेन ही उससे बेहतर प्रदर्शन कर पाया है जिसने चार खिताब जीते हैं। भारत मौजूदा टूर्नामेंट में ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ मुकाबले के बाद न्यूजीलैंड (12 अक्टूबर), पाकिस्तान (14 अक्टूबर), ऑस्ट्रेलिया (15 अक्टूबर) और मेजबान मलेशिया (17 अक्टूबर) से भिड़ेगा। राउंड-रॉबिन चरण के अंत में शीर्ष दो टीमें 18 अक्टूबर को खिताब के लिए भिड़ेंगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article