स्पोर्ट्स

Sultan Azlan Shah Cup 2025: सुल्तान अजलान शाह हॉकी का खिताब जीतने से चूका भारत, पहली बार बेल्जियम बना चैंपियन

बेल्जियम ने भारत को रोमांचक फाइनल में मात देकर पहली बार सुल्तान अजलान शाह हॉकी का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम खिताबी जीत से एक गोल के अंतर से चूक गई।

Image

31वां सुल्तान अजलान शाह हॉकी कप जीतने वाली बेल्जियम हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट BERNAMA X)

कुआलालंपुर: बेल्जियम ने रविवार को रोमांचक फाइनल में भारत को करीबी मुकाबले में 1-0 से हराकर सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। भारत को मैच के 34वें मिनट में थिब्यू स्टॉकब्रोक्स के गोल के कारण रजत पदक से संतोष करना पड़ा। यह बेल्जियम का पहला सुल्तान अजलान शाह खिताब है। टीम सिर्फ दूसरी बार इस प्रतियोगिता में खेल रही थी।

तीन पेनल्टी कॉर्नर में से एक को भी गोल में नहीं बदल पाया भारत

शनिवार को कनाडा के खिलाफ 14-3 की बड़ी जीत के बाद इस मैच में उतरा भारत दुर्भाग्य से तीन पेनल्टी कॉर्नर में से एक को भी गोल में नहीं बदला सका। जुगराज सिंह, अमित रोहिदास और संजय इस टूर्नामेंट के दौरान पेनल्टी कॉर्नर में अच्छा प्रदर्शन करेन में सफल रहे लेकिन फाइनल में बेल्जियम की रक्षा पंक्ति को छकाने में नाकाम रहे। लीग चरण में यूरोपियन टीम के खिलाफ 2-3 से हारने के बाद यह इस टूर्नामेंट में भारत की दूसरी हार थी।

युवा खिलाड़ी नहीं कर पाए जीत की दहलीज पार

मनप्रीत सिंह और हार्दिक सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के टूर्नामेंट से आराम लेने के कारण जिम्मेदारी युवा खिलाड़ियों पर थी जिन्होंने हार के अंतर को कम रखकर अच्छा प्रदर्शन किया। दोनों टीमों ने रणनीति खेल दिखाया जिसमें बेल्जियम ने गेंद को अधिक समय अपने पास रखकर बेहतर शुरुआत की। उनके आक्रामण ने दोनों छोर से भारतीय रक्षा पंक्ति को परेशान किया और भारतीय गोलकीपर को कुछ करीबी बचाव करने पड़े।

बेल्जियम ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में किया गोल

बेल्जियम को शुरुआत में दो पेनन्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारत ने इन्हें नाकाम कर दिया। भारत ने धीमी शुरुआत के बाद लय हासिल की लेकिन बेल्जियम ने उन्हें मिडफील्ड में बेहतर नियंत्रण बनाकर परेशान किया। मध्यांतर तक दोनों ही टीम गोल का खाता खोलने में नाकाम रहीं। बेल्जियम ने दूसरे हाफ में बेहतर लय में खेलकर भारत पर दबाव डाला। भारत ने भी कुछ अच्छे मूव बनाए लेकिन तीसरे क्वार्टर में भी बेल्जियम के डिफेंस को मात नहीं दे सके। इस बीच 34वें मिनट में स्टॉकब्रोक्स के गोल ने भारत को दबाव में डाल दिया। आखिरी क्वार्टर में भारत ने स्कोर बराबर करने की बहुत कोशिश की लेकिन बेल्जियम के डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article