स्पोर्ट्स

23 MAY 2023 सुर्खियां खेल की: चेन्नई को जीत दर्ज करनी है तो गुजरात के खिलाफ बदलना होगा इतिहास, जिम्बाब्वे में होगा वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर का आगाज

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 23, 2023, 06:59 PM IST

23 May 2023 सुर्खियां खेल की: इंडियन प्रीमियर लीग के क्वालीफायर-1 में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना डिफेंडिंग चैम्पियन xगुजरात टाइटंस से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड चेपॉक स्टेडियम पर शाम 7.30 बजे खेला जाएगा। इस मुकाबले में चेन्नई और गुजरात की टीम जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी और सीधे फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगी।

Image

गुतरात-चेन्नई के खिलाड़ी और कार्लोस अल्कारेज। (फोटो- IPL/BCCI और कार्लोस अल्कारेज के ट्विटर से)

Photo : Twitter

23 MAY के खेल सुर्खियां की बात करें आईपीएल के 16वें सीजन का पहला क्वालीफायर-1 मंगलवार को खेला जाएगा। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड चेपॉक स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। यह मुकाबला हाईस्कोरिंग मुकाबला हो सकता है, क्योंकि चेन्नई चार बार की चैम्पियन है, जबकि गुजरात डिफेंडिंग चैम्पियन है। वहीं, मैच से पहले हार्दिक पंड्या ने धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आपको महेंद्र सिंह धोनी से नफरत करने के लिए शैतान बनने की जरूरत है। इसके अलावा कार्लोस अल्कारेज एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 बन गए हैं1 उन्होंने नोवाक जोकविच को पीछे छोड़ यह उपलब्धि हासिल की है।

चेन्नई और गुजरात की नजर पर

आईपीएल के 16वें सीजन के क्वालीफायर-1 में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम है और चेन्नई और गुजरात की नजर जीत पर होगी, ताकि सीधे फाइनल में पहुंच जाए। वहीं, दोनों टीमों के बीच हुए पिछले मुकाबले की बात करें तो चेन्नई के खिलाफ गुजरात का पलड़ा काफी मजबूत है। दोनों टीमें तीन बार आमने सामने हुई हैं और तीनों बार गुजरात ने जीत हासिल की है।

वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर 18 जून से जिम्बाब्वे में

आईसीसी ने मंगलवार को घोषणा की कि 10 टीम जिम्बाब्वे में 18 जून से नौ जुलाई तक 2023 वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर में हिस्सा लेंगी। क्वालीफायर के जरिए दो टीम को भारत में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वर्ल्ड कप में जगह बनाने का मौका मिलेगा। क्वालीफायर में हिस्सा लेने वाली 10 टीम को पांच-पांच टीम के दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में मेजबान जिंबाब्वे के अलावा वेस्टइंडीज, नीदरलैंड, नेपाल और अमेरिका को जगह मिली है, जबकि ग्रुप बी में श्रीलंका, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, ओमान और यूएई को रखा गया है।

जोकोविच को पीछे छोड़ नंबर-1 बने अल्कारेज

कार्लोस अल्कारेज नवीनतम एटीपी रैंकिंग में नोवाक जोकोविच को पछाड़कर दुनिया के नंबर एक पुरुष टेनिस खिलाड़ी बन गए हैं, जिससे उन्हें फ्रेंच ओपन में शीर्ष वरीयता मिलेगी। इटैलियन ओपन का खिताब जीतने वाले दानिल मेदवेदेव नवीनतम रैंकिंग में दूसरे स्थान पर हैं। रोम में गत चैंपियन के रूप में उतरे जोकोविच को चौथे दौर में हार का सामना करना पड़ा, जिससे वह तीसरे स्थान पर खिसक गए। रविवार से शुरू हो रहे फ्रेंच ओपन के साथ पहली बार स्पेन के अल्कारेज को किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता मिलेगी। वह इस महीने 20 बरस के हो जाएंगे। उन्होंने 2023 में 30 मुकाबलों में जीत दर्ज की है जबकि तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

धोनी से नफरत करने के लिए आपको शैतान बनना होगा

गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने कहा कि संभवत: अपना अंतिम इंडियन प्रीमियर लीग टूर्नामेंट खेल रहे करिश्माई महेंद्र सिंह धोनी से मनमुटाव रखने के लिये किसी को भी शैतान बनना होगा। चेन्नई सुपरकिंग्स और गुजरात टाइटंस मंगलवार को यहां एमए चिदंबरम स्टेडियम में पहला क्वालीफायर खेलेंगे। पंड्या ने इस बीच इस मिथक को भी खारिज कर दिया कि भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक धोनी गंभीर व्यक्ति हैं। हार्दिक ने गुजरात टाइटंस द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘मैं हमेशा धोनी का प्रशंसक रहूंगा। इतने सारे प्रशंसकों और इतने सारे क्रिकेट प्रेमियों के लिए। आपको महेंद्र सिंह धोनी से नफरत करने के लिए शैतान बनने की जरूरत है।’

न्यूकासल ने चैंपियन्स लीग के लिए किया क्वालीफाई

न्यूकासल ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में लीसेस्टर के साथ गोल रहित ड्रॉ खेलकर 20 साल में पहली बार चैंपियन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया। इस ड्रॉ का मतलब है कि रविवार को चेल्सी के खिलाफ सत्र के अंतिम मुकाबले में हार की स्थिति में भी टीम शीर्ष चार में बनी रहेगी। इस बीच लीसेस्टर पर निचली लीग में खिसकने का खतरा बरकरार है। टीम को अगर दूसरे टीयर की लीग में खिसकने से बचना है तो अपने अंतिम मैच में हर हाल में वेस्ट हैम को हराना होगा।

आईबीए ने चार राष्ट्रीय महासंघों को किया निलंबित

अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (आईबीए) ने ‘अनधिकृत’ मुक्केबाजी संगठन में प्रतिनिधित्व के लिए जर्मनी, न्यूजीलैंड, स्वीडन और नीदरलैंड के राष्ट्रीय महासंघों को निलंबित किया है। पिछले महीने अमेरिका और ब्रिटेन सहित राष्ट्रीय महासंघों के एक समूह ने नए संगठन ‘वर्ल्ड बॉक्सिंग’ का गठन किया था, जिसका लक्ष्य ओलंपिक खेलों में खेल का दीर्घकालीन भविष्य सुरक्षित करना था। आईबीए ने बयान में कहा, ‘चार (महासंघ) नियमों के उल्लंघन के दोषी थे और आईबीए सदस्यों के रूप में उन्हें निलंबित किया गया है।’

उन्होंने कहा, ‘इन सभी को सुनवाई का अधिकार दिया गया था लेकिन किसी ने भी अनधिकृत संचालन संस्था में प्रतिनिधित्व से इनकार नहीं किया और ना ही संगठन से दूरी बनाई।’

चीनी ताइपे के खिलाफ अभियान शुरू करेगा भारत

भारत बुधवार को यहां जब चीनी ताइपे के खिलाफ पुरुष जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में खिताब की रक्षा के अपने अभियान की शुरुआत करेगा तो उसकी नजरें इस साल होने वाले जूनियर विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने पर टिकी होंगी। जूनियर एशिया कप में शीर्ष पर रहने वाली तीन टीम इस साल दिसंबर में मलेशिया में होने वाले जूनियर विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। भारत और पाकिस्तान जूनियर एशिया कप की दो सबसे सफल टीम हैं। दोनों ने तीन-तीन बार इस टूर्नामेंट को जीता है।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झा author

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहन... और देखें

End of Article