न्यूयॉर्क: रोड्री की कप्तानी वाली स्पेनिश फुटबॉल टीम ने डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को एक्स्ट्रा टाइम तक गए फाइनल मुकाबले में 1-0 के अंतर से मात देकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। स्पेन के लिए एकलौता और निर्णायक गोल फेरान टॉरेस ने 106वें मिनट में किया। लियोनल मेसी की अगुआई वाली अर्जेंटीना की टीम स्पेन के डिफेंस को भेदने में नाकाम रही। मैच में अर्जेंटीना के खिलाड़ी केवल एक बार गोल करने के करीब पहुंचे। पूरे मैच में स्पेन ने अपनी पकड़ बनाए रखी और अर्जेंटीना का लगातार दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना चकनाचूर कर दिया।
सबसे ज्यादा मैच में अजेय रहने का नया रिकॉर्ड
साल 2010 में खिताब जीतने वाली स्पेन की टीम 16 साल बाद फाइनल में पहुंची और दूसरी बार खिताब जीतने में सफल रही। स्पेन की टीम ने लगातार सबसे ज्यादा मैच में अजेय रहने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करके खिताब अपने नाम किया। फाइनल में स्पेन से मिली हार के बाद अर्जेंटीना के लगातार 37 मैच में अजेय रहने का सिलसिला टूट गया। यहां भी अर्जेंटीना इटली का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गई। इटली की टीम ने लगातार 37 मैच में अजेय रहते हुए वर्ल्ड चैंपियन बनी थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026 All Award Winner's List: स्पेन बना फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन, जानिए किसने जीता कौन सा अवॉर्ड
स्पेन ने किया अनोखा कारनामा
स्पेन फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में एक साथ महिला और पुरुष वर्ग में वर्ल्ड चैंपियन बनने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। ऐसा और कोई देश ऐसा नहीं कर सका था। स्पेन की महिला टीम साल 2023 में वर्ल्ड चैंपियन बनी थी।
दूसरी बार किया डबल धमाल
मौजूदा यूरो चैंपियन स्पेन वर्ल्ड कप भी जीतने में सफल हुई है। दूसरी बार उसने ये कारनामा किया है। इससे पहले साल 2008 में यूरो चैंपियन बनने के बाद स्पेन की टीम साल 2010 में फीफा वर्ल्ड कप जीतने में सफल हुई थी। अबकी बार 2024 में यूरो चैंपियन बनने के बाद उसने फीफा विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया है। स्पेन दूसरी बार ये धमाल करने वाली दुनिया की पहली टीम बनी है।
