स्पोर्ट्स

IND vs NZ: कंसिस्टेंसी का दूसरा नाम श्रेयस अय्यर, वनडे में जारी है बल्ले का धमाल

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 25, 2022, 03:12 PM IST

टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर का वनडे फॉर्मेट में धमाल लगातार जारी है। शुक्रवार को ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ 80 रन की धमाकेदार पारी खेली और एमएस धोनी का एक रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

Image

श्रेयस अय्यर( साभार AP)

ऑकलैंड: भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा कोच और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिए मिस्टर कंसिस्टेंट की उपाधि फैन्स ने दी थी। ऐेसे में उनकी छत्रछाया में टीम इंडिया को नया मिस्टर कंसिस्टेंट मिल गया है। युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर वनडे क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनके बल्ले का न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए सीरीज के पहले वनडे में भी जारी रहा।

अय्यर ने ऑकलैंड वनडे में 76 गेंद में 80 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 105.26 का रहा। एकदिवसीय क्रिकेट में श्रेयस अय्यर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने भारत की लंबे समय से चली आ रही नंबर चार की समस्या का समाधान कर दिया है। विराट की गैरमौजूदगी में अय्यर नंबर तीन पर मोर्चा संभालते हैं।

दोहरे झटकों के बार टीम को संभाला

शुक्रवार को शिखर धवन और शुभमन गिल ने टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी की। लेकिन 9 गेंद के अंतराल में दोनों ही 23वें और 24वें ओवर के दरमियान आउट होकर पवेलियन लौट गए। ऐसे में बल्लेबाजी करने आए श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला। लेकिन पंत और उनके बाद सूर्यकुमार यादव ज्यादा देर तक अय्यर का साथ नहीं दे सके और जल्दी ही पवेलियन लौट गए।

जड़ा करियर का 13वां अर्धशतक

लेकिन अय्यर एक छोर संभाले रहे और 56 गेंद में अपना अर्धशतक 1 चौके और 3 छक्के जड़े। इसके बाद वो पिच पर टिके रहे और छोटी-छोटी साझेदारी करके टीम को 300 रन के पार पहुंचाया। अय्यर पारी के आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर विकेट दे बैठे और उनकी शानदार पारी का अंत हो गया।

वनडे में लगातार मचा रहे हैं धमाल

अय्यर वनडे क्रिकेट में पिछले आठ वनडे में शानदार प्रदर्शन किया है। अबतक खेले 34 वनडे की 31 पारियों में अय्यर ने 13 अर्धशतक और 2 शतक सहित कुल 1379 रन 49.25 के औसत और 98.85 के स्ट्राइकरेट से बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 113 रन रहा है। अय्यर ने पिछली आठ वनडे पारियों में 80(111), 54(57), 63(71), 44(34), 50(37), 113*(111), 28*(23), 80(76) रन की पारियां खेली हैं। पिछली 8 पारियों में उनके 6 स्कोर 50 या उससे ज्यादा रन के रहे हैं।

एमएस धोनी को छोड़ा पीछे

श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा पचास या उससे ज्यादा रन की पारी खेलने का एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार चौथी पारी में अर्धशतक जड़ा। इससे पहले वो एमएस धोनी के साथ लगातार तीन अर्धशतक जड़कर बराबरी पर थे लेकिन अब वो उससे एक कदम आगे निकल गए हैं।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article