स्पोर्ट्स

BWF World Tour Finals 2025: सेमीफाइनल में हारकर बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स से बाहर हुई सात्विक-चिराग की जोड़ी

भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी शनिवार को सेमीफाइनल में चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग से हारने के बाद बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स से बाहर हो गई।

Image

सात्विकसाई राजरंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी (BAI Media X)

हांगझोउ: भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी शनिवार को यहां सेमीफाइनल में चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग से हारने के बाद बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स से बाहर हो गई। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम जीत लिया लेकिन इसका फायदा नहीं उठा पाए और एक घंटे तीन मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में 21-10, 17-21 13-21 से हार गए। सात्विक और चिराग ने ग्रुप चरण में चीन की इस जोड़ी को हराया था। लेकिन प्रतिद्वंद्वी जोड़ी ने अहम मौके पर बाजी पलट दी।

मैच के बाद शेट्टी ने कहा,'मुझे लगता है कि हमने पहले गेम में काफी अच्छी शुरुआत की। लेकिन मुझे लगता है कि दूसरे गेम में उन्होंने थोड़ा बेहतर खेल दिखाया और हम पहले गेम की जीत का फायदा नहीं उठा पाए।' इस भारतीय जोड़ी को सत्र के आखिरी टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में हार का सामना नहीं करना पड़ा था। लेकिन शनिवार की हार से वे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पहुंचने वाली पहली पुरुष जोड़ी नहीं बन सके। हालांकि वे सत्र के आखिरी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय पुरुष जोड़ी बन गए।

भारतीय जोड़ी ने पहले गेम ने 9-6 की बढ़त बनाई जिससे ब्रेक तक वे चार अंक से आगे थे। भारतीयों ने रैलियों पर मजबूत पकड़ बनाए रखी। लगातार आठ अंक की बढ़त ने उन्हें 10 अंक से बढ़त दिला दी। उन्होंने चीन के खिलाड़ियों के नेट पर शॉट लगाने से पहला गेम जीत लिया। चीन के खिलाड़ियों ने दूसरे गेम में अच्छी सर्विस और सटीक शॉट्स की मदद से 6-3 की बढ़त ले ली जिसमें भारतीयों की गलतियों का भी हाथ रहा।

चिराग के एक स्मैश और चीनी खिलाड़ी के एक वाइड शॉट ने भारत को 7-7 की बराबरी पर ला दिया। लेकिन स्थानीय खिलाड़ियों ने 9-7 से बढ़त ले ली। ब्रेक तक चीनी जोड़ी ने दो अंक की बढ़त बनाए रखी। चिराग ने नेट पर एक कमजोर रिटर्न का फायदा उठाया और स्कोर 11-11 से बराबर कर दिया। हालांकि सर्विस रिटर्न पर एक गलती से भारत ने दो अंक गंवा दिए। चीनी जोड़ी 17-15 से दो अंक से आगे थी लेकिन चिराग की रणनीतिक समझ ने भारत को 17-19 पर पहुंचा दिया। सात्विक का पैरों के बीच से शॉट लंबा चला गया जिससे चीन को तीन गेम प्वाइंट मिल गए। लियांग के शॉट से चीन की जोड़ी ने गेम जीतकर 1-1 से बराबरी हासिल की।

निर्णायक गेम की शुरुआत में वांग चांग शानदार फॉर्म में थे जबकि लियांग ने स्मैश की बारिश कर दी और चीन 6-1 की बढ़त पर पहुंच गया। भारतीयों को फ्लिक सर्व समझने में दिक्कत हुई जिसके परिणामस्वरूप वे 2-10 से पीछे हो गए। ब्रेक के बाद यही सिलसिला जारी रहा और वे 2-14 से और पीछे रहे। भारतीयों ने 11-19 तक वापसी की। लेकिन चीन की जोड़ी ने इसे अपने नाम कर जीत हासिल की।

शेट्टी ने माना कि तीसरे गेम तक वे थक चुके थे। उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि हम उतने सटीक नहीं थे और काफी थके हुए भी थे। साथ ही कल रात हम ढाई बजे सोए थे। जब तक हमारा मैच खत्म हुआ, तब तक लगभग 12 बज चुके थे।' उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि तीसरा गेम निश्चित रूप से बहुत तेज था क्योंकि हम पहले दो गेम जितनी फुर्ती नहीं दिखा सके। पहले दो गेम में स्मैश बहुत जोरदार थे। ऐसा लग रहा था कि उन स्मैश में बहुत ज्यादा ताकत थी। और तीसरे गेम में हम वह ताकत नहीं लगा सके।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article