स्पोर्ट्स

संगीता ने अपना पदक महिलाओं के खिलाफ अपराध से लड़ने वाले लोगों को किया समर्पित

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 16, 2023, 10:13 PM IST

अभी कुछ वक्त पहले जंतर-मंतर पर विरोध पर बैठे महिला पहलवान और बजरंग पुनिया की पत्नी संगीता फोगाट ने हंगरी में रैंकिंग सीरीज प्रतियोगिता में ब्रोंज मेडल जीता है। जीत के बाद उन्होंने यह मेडल उन तमाम लोगों को डेडिकेट किया है जो महिला के खिलाफ अपराध रोकने के लिए लड़ रहे हैं।

Image

संगीता फोगाट (साभार-Twitter)

KEY HIGHLIGHTS
  • संगीता फोगाट ने जीता ब्रोंज मेडल
  • मेडल को किया पहलवानों को समर्पित
  • वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में जीता मेडल

भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के विरोध में शामिल रहे छह प्रमुख पहलवानों में से एक संगीता फोगट ने हंगरी में रैंकिंग सीरीज प्रतियोगिता में जीते गये अपने कांस्य पदक को महिलाओं के खिलाफ अपराध से लड़ रहे लोगों को समर्पित किया हैं। संगीता और उनके पति बजरंग पुनिया बृजभूषण के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगभग एक महीने तक चले धरने में शामिल थे। बृजभूषण के खिलाफ कई महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।

संगीता को इस आयोजन की तैयारी के लिए काफी कम समय मिला था और इस पदक से निश्चित रूप से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। संगीता ने ट्वीट किया, ‘आप सभी के बधाई संदेश मुझ तक पहुंच रहे हैं, मैं इस पल पर बहुत भावुक हूं। आप सभी को बहुत-बहुत शुक्रिया। यह पदक सिर्फ मेरा नहीं है। यह आप सभी का पदक है।’ उन्होंने लिखा, ‘ मैं इस पदक को दुनिया की उन सभी संघर्षशील महिलाओं को समर्पित करती हूँ जो महिलाओं के विरुद्ध हुए अपराधों के खिलाफ संघर्षरत हैं। जय हिन्द।’

संगीता ने शनिवार को बुडापेस्ट में हंगरी रैंकिंग सीरीज टूर्नामेंट में गैर-ओलंपिक 59 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में छह पहलवान शामिल थे।

संगीता ने कांस्य पदक प्ले-ऑफ मुकाबले में अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता हंगरी की युवा विक्टोरिया बोरसोस को 6-2 से हराया। संगीता के इस उपलब्धि को जाने-माने रेसलर बजरंग पुनिया ने भी अपने सोशल मीडिया पर साझा किया था। आपको बता दें कि संगीता भी जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरना प्रदर्शन में अपने पति बजरंग पुनिया के साथ बैठी थीं।

End of Article