स्पोर्ट्स

Video: बंदरों से निपटने के लिए SAI की अनोखी कोशिश, तारीफ करने से खुद को नहीं रोक पाईं सिंधू

17 अगस्त से भारत की मेजबानी में होने जा रहे वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रयासों की जमकर तारीफ की जा रही है। इस कोशिश की तारीफ ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधू ने भी की है।

Image

भारतीय खेल प्राधिकरण (साभार-x, screengrab)

साल 2024 में आपने नेटफ्लिक्स पर आई वेबसीरीज मामला लीगल है, देखा होगा, जिसमें पटपड़गंज कोर्ट परिसर में बंदरों से बचने के लिए एक लंगूर का किरदार दिखाया गया था। लंगूर का किरदार कुमार सौरभ ने निभाया था। इस किरदार को लोगों ने सबसे ज्यादा पसंद किया था। मामला लीगल है का यह किरदार एक बार फिर से सुर्खियों में है। दरअसल इसी किरदार से प्रभावित होकर भारतीय खेल प्राधिकरण ने दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में एक ऐसी कोशिश की है, जिसकी तारीफ करने से पीवी सिंधू भी खुद को नहीं रोक पाईं।

क्या है पूरा मामला

दरअसल 17 साल के बाद भारत वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है। मौका बड़ा है और इसके लिए भारतीय खेल प्राधिकरण यानी SAI ने अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी। आपको SAI के प्रयास पर हंस सकते हैं, लेकिन कोशिश के मामले में आप भी उनकी तारीफ करने से नहीं रह पाएंगे। दरअसल जनवरी में हुए इंडिया ओपन के दौरान कई विदेशी खिलाड़ियों ने यहां की खराब व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। SAI उन गलतियों को दोहराना नहीं चाहता है और उसके लिए उन्होंने खास इंतजाम किए हैं।

कबूतरों से बचने के लिए एंटी पिजन जैल का इस्तेमाल किया गया है, जबकि बंदरों से निपटने के लिए पुराने लकड़ी के दरवाजों की जगह ’डबल-डोर एंट्री सिस्टम’ लगाया गया है। इसमें कोई कमी ना रह जाए इसके लिए तीन प्रशिक्षित लोगों को हायर किया गया है जो लंगूर की आवाजें निकालते हैं। लंगूर की आवाज से बंदर का स्टेडियम के आस-पास आना लगभग असंभव है।

स्पोर्ट्स्टार के पत्रकार ने शेयर किया वीडियो

स्पोर्ट्स स्टार के पत्रकार जोनाथन सेल्वाराज ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक शख्स लंगूर की आवाज निकालता हुआ दिख रहा है। ये शख्स उन 3 लोगों में शामिल है जिसे इस खास काम के लिए रखा गया है। ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधू ने उनके इस वीडियो को शेयर करते हुए SAI की तारीफ की।

उन्होंने एक्स पर लिखा 'आप इस समाधान पर हंस सकते हैं, लेकिन इस प्रयास की सराहना करनी ही पड़ेगी।

भारत पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है और इसके पीछे बहुत से लोग काम कर रहे हैं। हमारे समाधान भले ही खास और भारतीय स्टाइल का हो, लेकिन हमारी गर्मजोशी, हमारा जज़्बा और हमारी मेहमाननवाज़ी भी उतनी ही खास है। बैडमिंटन जगत को दिल्ली में इन सबका अनुभव कराने का बेसब्री से इंतज़ार है। जल्द ही मिलते हैं!

आपको बता दें, वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप सबसे बड़े इवेंट के तौर पर जाना जाता है और इसमें ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधू को 9वीं वरीयता दी गई है। यह टूर्नामेंट 17-23 अगस्त के बीच होगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article