स्पोर्ट्स

सुनील छेत्री ने रचा इतिहास, सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने के मामले में पहुंचे चौथे पायदान पर

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jun 21, 2023, 11:39 PM IST

भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री पाकिस्तान के खिलाफ सैफ चैंपियनशिप में हैट्रिक जड़कर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने के मामले में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं।

Image

सुनील छेत्री ( साभार: Indian Football Team)

बेंगलुरू: भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री की हैट्रिक की बदौलत भारत ने बुधवार को चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को सैफ चैंपियनशिप के मुकाबले में 4-0 के अंतर से मात दी। सुनील छेत्री ने मैच में तीन गोल किए जिसमें से दो पेनल्टी के जरिए और एक फील्ड गोल के रूप में आया। इन तीन गोलों के साथ ही छेत्री अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं।

चौथे स्थान पर किया कब्जा

सुनील छेत्री के अंतरराष्ट्रीय गोलों की संख्या 138 मैच में 90 हो गई है। 90 गोलों के साथ छेत्री दुनिया में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो(123), इरान के पूर्व स्ट्राइकर दानिश अली(109) और अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी(103) के बाद चौथे पायदान पर काबिज हो गए हैं। उन्होंने मलेशिया के मुख्तार दहारी(89) को पछाड़कर चौथा स्थान हासिल किया। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले छेत्री पांचवें स्थान पर थे।

पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक जड़ने वाले चौथे भारतीय

पाकिस्तान के खिलाफ फुटबॉल मैच में हैट्रिक जड़ने वाले सुनील चौथे भारतीय खिलाड़ी हैं। साल 2005 में सुनील छेत्री ने पाकिस्तान के खिलाफ ही अपने करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय गोल जड़ा था। छेत्री ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 10वें, 16वें और 74वें मिनट में गोल किए। टीम के लिए चौथा गोल उदान्त ने किया। छेत्री अकेले ही पूरी पाकिस्तानी टीम पर भारी रहे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article