बेंगलुरू: भारत और पाकिस्तान की टीमों का आमना सामना खेल के मैदान में हो और कोई विवाद ना हो ऐसा हो ही नहीं सकता। क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों के बीच भिड़ंत की अपार कहानियों के बीच बुधवार को दोनों टीमों के बीच बेंगलुरू में खेले जा रहे मुकाबले में भिड़ंत हो गई। दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने सामने आ गए थे बीच बचाव करने के लिए रेफरी दीवार बनकर खड़े हो गए। लेकिन अंत में विवाद को तूल देने वाले भारतीय कोच इगोर स्टीमेक (Igor Stimac) पर गिरी और रेफरी ने रेड कार्ड दिखाकर उन्हें मैदान से बाहर कर दिया।
भारत ने मैच में की धमाकेदार शुरुआत
भारत की मेजबानी में आयोजित सैफ चैंपियनशिप फुटबॉल में बुधवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला बेंगलुरू के श्री कांतिवीरा स्टेडियम(Sree Kanteerava Stadium Bangalore) में खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम का दबदबा दिखाई दिया। मैच के पहले हाफ में कप्तान सुनील छेत्री को दो गोल की बदौलत भारत ने 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। लेकिन इसी दौरान भारतीय कोच ने जोश में ऐसा कर दिया जिसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने-सामने आ गए।
फर्स्ट हाफ खत्म होने से पहले हुआ विवाद
पहले हाफ के खत्म होने से ठीक पहले साइड लाइन पर पाकिस्तान के 8 नंबर जर्सी पहने खिलाड़ी को भारतीय कोच इगोर स्टिमेक ने थ्रो नहीं फेंकने दिया। उन्होंने हाथ मारकर गेंद नीचे गिरा दी इसके बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी भिड़ गए। भारतीय कोच और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच रेफरी आ गए लेकिन देखते ही देखते दोनों टीमों के खिलाड़ी इकट्ठा हो गए। अंत में रेफरी ने भारतीय कोच को रेड कार्ड दिखाया और मैच से बाहर करा दिया।
