स्पोर्ट्स

भारत के लिए खेलेगा पूर्व ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉलर, फीफा ने लगाई NOC पर मुहर

ऑस्ट्रेलिया की अंडर-20 और अंडर-23 टीम के लिए खेल चुके रेयान विलियम्स को भारत की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने के लिए फीफा की मंजूरी मिल गई है। जानिए कौन है ये खिलाड़ी?

Image

रेयान विलियम्स (फोटो क्रेडिट IAFF X)

नई दिल्ली: अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने गुरुवार को कहा कि रेयान विलियम्स भारतीय टीम में चयन के लिए आधिकारिक रूप से पात्र हैं क्योंकि उन्हें अपनी ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता छोड़ने के बाद सदस्य संघ बदलने के लिए खेल की वैश्विक संचालन संस्था फीफा की मंजूरी मिल गई है। पर्थ में जन्मे 32 साल के फारवर्ड विलियम्स ने हाल ही में भारतीय नागरिक बनने के लिए अपना ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट छोड़ दिया था। विलियम्स इंडियन सुपर लीग की टीम बेंगलुरु एफसी के लिए खेलते हैं।

फीफा ने दी संघ बदलने के अनुरोध को मंजूरी

एआईएफएफ ने कहा,'फीफा के प्लेयर्स स्टेटस चैंबर ने 19 नवंबर 2025 को अपना आखिरी फैसला जारी किया जिसमें रेयान विलियम्स के संघ बदलने के अनुरोध को मंज़ूरी दी गई जिससे वह भारतीय राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए आधिकारिक रूप से पात्र हो गए। अब इस फैसले के लागू होने के साथ रेयान विलियम्स भारतीय राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए आधिकारिक रूप से पात्र हो गए हैं।'

मुंबई में हुआ था विलियम्स की मां का जन्म

विलियम्स की मां का जन्म मुंबई में जबकि पिता का जन्म इंग्लैंड के केंट में हुआ था। वह ऑस्ट्रेलिया अंडर-20 और अंडर-23 टीम के लिए खेल चुके हैं और 2019 में दक्षिण कोरिया के खिलाफ एक मैत्री मैच के दौरान दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर सीनियर टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। विलियम्स 2023 में बेंगलुरु एफसी में शामिल होने से पहले इंग्लैंड के क्लब फुलहम और पोर्ट्समाउथ के लिए खेल चुके हैं।

जापान में जन्मे इज़ुमी अराता ने किया था भारत का प्रतिनिधित्व

विलियम्स से पहले जापान में जन्मे इज़ुमी अराता ने 2012 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भारतीय नागरिकता ली थी और 2013 तथा 2014 में टीम के लिए नौ मैचों में हिस्सा लिया था। विलियम्स बांग्लादेश के खिलाफ 2027 एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर के मैच के लिए भारतीय टीम के साथ ढाका में थे जिसमें खालिद जमील के मार्गदर्शन में खेलने वाली टीम को 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था। वह मैच वाले दिन की टीम में नहीं थे क्योंकि उन्हें उस समय फीफा से स्वीकृति नहीं मिली थी लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलिया से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिल गया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article