स्पोर्ट्स

French Open 2023: 19 साल में पहली बार फ्रेंच ओपन में हिस्सा नहीं लेंगे राफेल नडाल, संन्यास के भी दिए संकेत

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 18, 2023, 09:31 PM IST

फ्रेंच ओपन का खिताब रिकॉर्ड 14 बार जीतने वाले लाल बजरी के बादशाह राफेल नडाल 19 साल में पहली बार टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे। उन्होंने ये निर्णय कूल्हे की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाने की वजह से लिया है।

Image

राफेल नडाल (साभार ATP Tour)

पेरिस: लाल बजरी के बादशाह के नाम से विख्यात टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी राफेल नडाल फ्रेंच ओपन 2023 से कूल्हे की चोट की वजह से बाहर हो गए हैं। 14 बार के चैंपियन नडाल 19 साल में पहली बार इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होंगे। उन्होंने ये निर्णय टूर्नामेंट से पहले पूरी तरह फिट नहीं हो पाने की वजह से लिया है। नडाल ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि मैं अभी भी खुद को टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार नहीं मानता हूं। जो फिटनेस रोला गैरा में प्रतिस्पर्धा के लिहाज से जरूरी होता है। नडाल ने साल 2005 में पहली बार फ्रेंच ओपन में भाग लिया था। उसके बाद से लगातार वो टूर्नामेंट में शिरकत करते रहे और खिताब दर खिताब अपने नाम करते गए।

संन्यास के दिए संकेत

22 बार के ग्रैंडस्लैम खिताब विजेता राफेल नडाल ने संन्यास के संकेत भी दिए हैं। नडाल ने कहा है कि साल 2024 उनके प्रोफेशनल करियर का संभवत: आखिरी सीजन होगा। नडाल ने कहा, मैं पिछले चार महीने से हर दिन अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रहा था। मेरे लिए ये चार महीने बेहद कठिन रहे क्योंकि मुझे जो परेशानी ऑस्ट्रेलिया में शुरू हुई थी उसका कोई समाधान नहीं मिला। आज भी मैं उस स्थिति में नहीं हूं कि खुद को टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह फिट करार दे सकूं और खेल जिस स्तर की इस टूर्नामेंट में दरकार होती है उसतक पहुंच सकूं। मैं नहीं चाहता कि टूर्नामेंट में पहुंचने की कोशिश करूं और खुद को ऐसी स्थिति में डालूं जहां मैं स्वयं को नहीं देखना चाहता।

कोरोना के बाद शरीर दे रहा है जवाब

कोरोना के बाद से मेरा शरीर अभ्यास और रोजमर्रा की दिनचर्या को अच्छी तरह स्वीकार करने की स्थिति में नहीं है। इसलिए मैं अभ्यास और प्रतिस्पर्धा दोनों का का कई वजहों से लुत्फ नहीं उठा पा रहा हूं। शारीरिक परिशानियों को कम करने के लिए मैंने कई तरह से कोशिश की। कई बार दर्द की स्थिति में भी अभ्यास किया लेकिन मुझे लगा कि मुझे अब यहां रुकना चाहिए। शरीर जवाब दे रहा है इसलिए मैं रुक रहा हूं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article