स्पोर्ट्स

एशिया टीम चैंपियनशिप के लिए भारतीय बैडमिंटन टीम का ऐलान, पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन सहित ये खिलाड़ी हुए शामिल

तीन से आठ फरवरी तक चीन के किंगदाओ में आयोजित होने वाली बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों वाली भारतीय टीम का ऐलान किया गया है।

Image

लक्ष्य सेन और पीवी सिंधू(फोटो क्रेडिट ANI)

नई दिल्ली: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की स्टार जोड़ी को तीन से आठ फरवरी तक चीन के किंगदाओ में होने वाली बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। भारत इस प्रतियोगिता के महिला वर्ग में गत चैंपियन है जबकि पुरुष टीम ने अतीत में दो कांस्य पदक जीते हैं।

भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने एक बयान में कहा,'रैंकिंग, प्रदर्शन और अनुभव के आधार पर चुनी गई महिला टीम की अगुवाई एक बार फिर पूर्व विश्व चैंपियन और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू करेंगी।'

दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य शीर्ष रैंकिंग वाले पुरुष एकल खिलाड़ी होंगे जबकि किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणय, अमेरिकी ओपन विजेता आयुष शेट्टी और तरुण मन्नेपल्ली को भी जगह मिली है। सात्विक-चिराग पुरुष युगल वर्ग में अगुवाई करेंगे जिसमें गुवाहाटी मास्टर्स के उप विजेता साई प्रतीक के और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय के साथ हरिहरन अमसाकरुणन भी शामिल हैं।

महिला वर्ग में सिंधू को एकल में विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा, उन्नति हुड्डा, रक्षिता श्री संतोष रामराज और मालविका बंसोड़ का साथ मिलेगा। सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय चैंपियन गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली महिला युगल में भारत की अगुवाई करेंगी जबकि प्रिया कोंजेंगबम, श्रुति मिश्रा और तनीषा क्रास्टो को भी टीम में जगह मिली है।

टीम इस प्रकार हैं:

पुरुष: लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, किदांबी श्रीकांत, प्रणय एचएस, थारुन मन्नेपल्ली, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी, पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय, साई प्रतीक के, हरिहरन अमसाकरुणन।

महिला:पीवी सिंधू, उन्नति हुडा, तन्वी शर्मा, रक्षिता श्री संतोष रामराज, मालविका बंसोड़, त्रीसा जॉली, गायत्री गोपीचंद, प्रिया कोंजेंगबम, श्रुति मिश्रा, तनीषा क्रास्टो।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article