स्पोर्ट्स

Hockey India: हॉकी के 8 खिलाड़ियों पर हुई पैसों की बरसात, पंजाब सरकार ने दिए एक-एक करोड़ रुपए

Paris Olympics 2024, Punjab Government Awards: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। टीम का यह लगातार दूसरा ब्रॉन्ज मेडल था। इससे पहले टीम ने टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया था। पेरिस में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर पैसों की बरसात हुई है। पंजाब सरकार ने 8 खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपए दिए हैं।

Image

भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों को प्राइज देते हुए सीएम भगवंत मान। (फोटो- Bhagwant Mann X)

Photo : Twitter

Paris Olympics 2024, Punjab Government Awards: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के आठ ओलंपिक हॉकी खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है क्योंकि राज्य और देश का नाम रोशन करने वाले इन धरती पुत्रों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने इस महत्वपूर्ण जीत से पूरे देश को गौरव और संतुष्टि प्रदान की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से टीम के हर हॉकी मैच को देखा है और इन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने सभी को गौरवान्वित महसूस कराया है।

मुख्यमंत्री ने ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले 11 अन्य प्रतिभागियों को भी 15-15 लाख रुपये दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि 52 साल के अंतराल के बाद भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया को हराते हुए देखकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने कहा कि स्पेन, इंग्लैंड और अन्य के खिलाफ मैच भी उतने ही शानदार थे। उन्होंने कहा कि टीम द्वारा पदक जीतना हर देशवासी के लिए सपने के सच होने जैसा है और सबसे अच्छी बात यह है कि टीम का नेतृत्व कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने किया, जिन्होंने टीम को जीत दिलाई।

मान ने कहा कि यह नेतृत्व क्षमता उत्कृष्ट थी और इसके कारण टीम को पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरमन ने ओलंपिक में अकेले 10 गोल किये। उन्होंने कहा कि पूरा देश आज इन खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दे रहा है और उनकी उपलब्धि से अभिभूत है। मान ने कहा कि भारतीय हॉकी पुनरुद्धार की राह पर है। पंजाब नवंबर में चार विश्व स्तरीय टीमों के बीच एक लीग टूर्नामेंट आयोजित करने पर विचार कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेड़ा वतन पंजाब दियां का तीसरा संस्करण 28 अगस्त को शुरू होगा, जो राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए उत्प्रेरक का काम करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और नौकरियां देने के अलावा, राज्य उन्हें पहले से दी गई नौकरियों में पदोन्नति देने की व्यवहार्यता भी तलाशेगा। इस अवसर पर भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पदक विजेताओं को सम्मानित करने से राज्य में खेलों को और बढ़ावा मिलेगा। हॉकी खिलाड़ी मनदीप सिंह ने भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी वादा किया कि अगली बार ओलंपिक में पदक का रंग बदल जायेगा।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article