स्पोर्ट्स

पीएम मोदी ने शतरंज ओलंपियाड के विजेताओं से की मुलाकात, दोहरी सफलता पर दी बधाई

PM Modi meets Chess Olympiad Winners: भारत की महिला और पुरूष शतरंज टीम ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। बुडापेस्ट में खेले गए शतरंज ओलंपियाद में दोनों ही टीमों ने गोल्ड मेडल जीता है। इन सभी विजेताओं से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात की है।

Image

प्रधानमंत्री मोदी की शतरंज ओलंपियाड के खिलाड़ियों से मुलाकात (फोटो- ANI)

PM Modi meets Chess Olympiad Winners: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुडापेस्ट में 45वें शतरंज ओलंपियाड में ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए भारत के युवा शतरंज खिलाड़ियों की सराहना की।हंगरी के बुडापेस्ट में भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक जीता।

भारत ने रविवार को इतिहास रचा जब पुरुष टीम ने अंतिम दौर में स्लोवेनिया जबकि महिला टीम ने अजरबेजान को हराकर पहली बार शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीते।पुरुष प्रतियोगिता में डी गुकेश, अर्जुन एरिगेसी और आर प्रज्ञानानंदा ने भारत के लिए 11वें और अंतिम दौर में जीत दर्ज की।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में प्रधानमंत्री को मोदी को आर वैशाली, डी हरिका, तानिया सचदेव, विदित गुजराती, अर्जुन एरिगेसी और प्रज्ञानानंदा जैसे शतरंज चैंपियनों के साथ बात करते देखा जा सकता है।डी गुकेश टूर्नामेंट में भारत के लिए स्टार रहे। उन्होंने ओपन वर्ग में 11 में से 10 बाजियां जीतकर भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई।

खिलाड़ियों ने पीएम को दिया गिफ्ट

बातचीत के दौरान खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री को शतरंज की बिसात भेंट की जिसके बाद प्रज्ञानानंदा और एरिगेसी ने शतरंज की एक बाजी खेली जिसे देखकर प्रधानमंत्री मोदी मंत्रमुग्ध हो गए।इससे पहले खेल मंत्रालय ने एक वीडियो साझा किया जिसमें भारतीय शतरंज दल को अपने होटल से निकलकर प्रधानमंत्री से मिलने के लिए जाते हुए देखा जा सकता है।भारतीय पुरुष टीम ने बुडापेस्ट में संभावित 22 में से 21 अंक हासिल किए जिसमें उसने उज्बेकिस्तान के खिलाफ केवल एक ड्रॉ (2-2) खेलने के अलावा अपने बाकी सभी प्रतिद्वंद्वियों को हराया।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article