स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024: चिराग सात्विक ने दी इंडोनेशियाई जोड़ी को करारी मात, ग्रुप सी में रही टॉप पर

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने ग्रुप सी के अपने अंतिम मुकाबले में मुहम्मद रियान अर्दिआंतो और फजर अल्फियान की इंडोनिशियाई जोड़ी को मात देकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। ग्रुप सी में भारतीय जोड़ी टॉप पर रही।

Image

सात्विकसाई राज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने दी इंडोनेशियाई जोड़ी को मात
  • ग्रुप सी में भारतीय जोड़ी रही टॉप पर
  • सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को माना जा रहा है मेडल का दावेदार

पेरिस: एशियाई खेलों की चैंपियन और पदक की दावेदार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने मंगलवार को पेरिस ओलंपिक की बैडमिंटन पुरुष युगल स्पर्धा में मुहम्मद रियान अर्दिआंतो और फजर अल्फियान की इंडोनेशिया की जोड़ी को सीधे गेम में हराकर ग्रुप सी में शीर्ष स्थान हासिल किया। दुनिया की पांचवें नंबर की सात्विक और चिराग की भारतीय जोड़ी ने अर्दियांतो और अल्फियान की दुनिया की सातवें नंबर की जोड़ी को 40 मिनट में 21-13, 21-13 से हराया। ये दोनों जोड़ियां पहले ही अंतिम आठ में जगह बना चुकीं थी और इस मुकाबले से ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीम का फैसला हुआ। भारतीय जोड़ी ने ग्रुप में अपने सभी मैच जीते।

छह मैच में चौथी बार दी इंडोनेशियाई जोड़ी को मात

अर्दियांतो और अल्फियान के खिलाफ छह मैचों में सात्विक और चिराग की यह चौथी जीत है। सात्विक और चिराग की जोड़ी ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने वाली पहली भारतीय पुरुष युगल टीम है। खेल की वैश्विक संचालन संस्थान बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कहा है कि पुरुष युगल के नॉकआउट दौर के लिए ड्रॉ बुधवार को होगा। भारत और इंडोनेशिया की जोड़ी के बीच शुरुआत से ही प्रत्येक अंक के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली लेकिन सात्विक और चिराग की जोड़ी पूरे मुकाबले के दौरान एक बार भी नहीं पिछड़ी। दोनों जोड़ियों ने तेज खेल दिखाया जिससे शुरुआत में अधिक रैली नहीं दिखीं। सात्विक-चिराग ने हालांकि बॉडीलाइन शॉट से कुछ अच्छे अंक जुटाए जबकि कोर्ट से काफी अच्छी तरह सामंजस्य बैठाया।

पहले गेम में हुई कड़ी टक्कर

राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन सात्विक और चिराग ने पहले गेम में 5-3 की बढ़त के साथ अच्छी शुरुआत की लेकिन इसके बाद 5-5 और 7-7 से स्कोर बराबर रहा। भारतीय जोड़ी ने 9-8 के स्कोर पर लगातार तीन अंक के साथ 12-8 की बढ़त बनाई। अर्दियांतो और अल्फियान ने भी बीच-बीच में कुछ अच्छे अंक जुटाए। इंडोनेशिया की जोड़ी के ड्रॉप शॉट दर्शनीय थे जबकि नेट पर भी उन्होंने अच्छा खेला दिखाया।

भारतीय जोड़ी ने हालांकि कोर्ट पर तेजी दिखाई और अपनी बढ़त बरकरार रखी। सात्विक और चिराग ने स्कोर 17-12 किया। सात्विक और चिराग ने 19-13 के स्कोर पर विरोधी जोड़ी के नेट पर शॉट मारने से सात गेम प्वाइंट हासिल किए और फिर सात्विक ने दोनों खिलाड़ियों के बीच स्मैश लगाकर पहला गेम 16 मिनट में जीत लिया। भारतीय जोड़ी ने इस बीच लगातार चार अंक जुटाए।

दूसरा गेम भी भारतीय जोड़ी ने जीता 21-13 से

दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी ने तेज शुरुआत करते हुए 5-3 की बढ़त बनाई। इंडोनेशिया की जोड़ी हालांकि हार मानने को तैयार नहीं थी। अर्दियांतो और अल्फियान ने स्कोर 6-6 किया। चिराग ने 10-8 के स्कोर पर शानदार सर्विस पर अंक जुटाकर ब्रेक तक भारतीय जोड़ी की बढ़त को 11-8 तक पहुंचाया। भारतीय जोड़ी ने ब्रेक के बाद बढ़त को 14-8 किया। अर्दियांतो और अल्फियान ने लगातार तीन अंक के साथ वापसी की कोशिश की और स्कोर 12-15 किया। चिराग की सर्विस पर इंडोनेशिया की जोड़ी ने एक बार फिर अंक गंवाया। भारतीय जोड़ी लगातार चार अंक के साथ 19-12 से आगे हो गई। भारतीय जोड़ी को 20-13 पर सात मैच प्वाइंट मिले और इंडोनेशिया की जोड़ी ने नेट पर शॉट मारकर गेम और मैच सात्विक और चिराग की झोली में डाल दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article