स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक में खत्म हुआ पीवी सिंधू का सफर, नहीं पार कर पाईं चीन की दीवार

भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधू का लगातार तीसरा ओलंपिक मेडल जीतने का सपना गुरुवार को चीन की ही बिंग जाओ के खिलाफ प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टूट गया। सिंधू को सीधे गेम्स में हार का सामना करना पड़ा।

Image

पीवी सिंधू

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • प्री क्वार्टर फाइनल में पीवी सिंधू को मिली हार
  • टूटा लगातार तीसरा ओलंपिक पदक जीतने का सपना
  • चीनी खिलाड़ी ही बिंग जाओ ने 21-19, 21-14 से दी मात

पेरिस: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू का ओलंपिक खेलों में मेडल की हैटिक पूरी करने का सपना टूट गया। गुरुवार को खेले गए महिला एकल के प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सिंधू को चीन की ही बिंग जाओ के खिलाफ सीधे सेट में 21-19, 21-14 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। सिंधू चीन की दीवार पेरिस में तोड़ने में नाकाम रहीं। सिंधू ने साल 2016 में रियो ओलंपिक में रजत और 2021 में टोक्यो ओलंपिक में महिला एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। वो लगातार दो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय शटलर बनी थीं।

अपने रंग में नजर नहीं आईं सिंधू

पीवी सिंधू और ही बिंग जाओ के बीच पहले गेम में कड़ी टक्कर देखने को मिली। 30 मिनट तक चले पहले गेम में चीनी खिलाड़ी को सिंधू ने कड़ी टक्कर दी लेकिन अंत में उन्हें 19-21 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। दूसरे गेम में भी सिंधू शुरुआत में ही पिछड़ गईं और उस बढ़त को अंत तक पाटने में नाकाम नहीं। जाओ ने 26 मिनट में 21-14 से पटखनी देकर गेम और मैच दोनों अपने नाम कर लिया। सिंधू चीनी खिलाड़ी के सामने प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फीकी नजर आईं।

भारतीय बैडमिंटन के लिए निराशाजनक रहा पांचवां दिन

पीवी सिंधू ओलंपिक से पहले कुछ महीनों से फॉर्म से जूझ रही थीं। ऐसे में उनका वही प्रदर्शन ओलंपिक खेलों में भी जारी रहा। सिंधू शुरुआती मुकाबले में भी संघर्ष करती दिख रही थीं लेकिन वो अंतिम 16 तक पहुंचने में सफल रहीं। इसके बाद उनकी पेरिस ओलंपिक की राह थम गई। सिंधू से पहले गुरुवार को चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रंकी रेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी को भी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। लक्ष्य सेन के रूप में भारत के लिए बैडमिंटन में पदक की अंतिम आस लक्ष्य सेन बचे हैं जिन्होंने हमवतन एचएस प्रणय को मात देकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article