Neeraj Chopra Wins Golden Spike Atheletics: भारत के ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा लगातार दुनियाभर में देश का मान बढ़ा रहे हैं और कई प्रतियोगिताएं जीतते जा रहे हैं। इसी कड़ी में नीरज चोपड़ा ने एक और खिताब अपने ताज में जोड़ लिया है। उन्होंने ओस्ट्रावा में आयोजित की गई गोल्डन स्पाइक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गोल्ड जीत लिया है। नीरज चोपड़ा इसमें भी हालांकि 90 मीटर का थ्रो नहीं मार पाए लेकिन मैच जीतने के लिए केवल 85.29 मीटर का थ्रो ही काफी था। उनका लगातार दूसरा बड़ा खिताब है, जिसमें पिछले हफ्ते उन्होंने पेरिस डायमंड लीग जीती थी।
नीरज चोपड़ा ने फाउल थ्रो से शुरुआत की। उन्होंने दूसरे प्रयास में 83.45 मीटर थ्रो किया। इसके बाद उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में 85.29 मीटर थ्रो किया और शीर्ष पर पहुँच गए। अपने चौथे प्रयास में उन्होंने 82.17 मीटर थ्रो किया। उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में 81.01 मीटर थ्रो किया। उन्होंने इवेंट का अंत फाउल थ्रो के साथ किया। उनका तीसरा प्रयास उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त था।
- पहला प्रयास: फॉउल
- दूसरा प्रयास: 83.45 मीटर
- तीसरा प्रयास: 85.29 मीटर (विजयी थ्रो)
- चौथा प्रयास: 82.17 मीटर
- पांचवां प्रयास: 81.01 मीटर
- छठा प्रयास: फॉल
कोच ज़ेलेज़नी की मेजबानी में विशेष जीत
इस प्रतियोगिता का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि इसके टूर्नामेंट डायरेक्टर नीरज के कोच और जैवलिन थ्रो के महान खिलाड़ी जान ज़ेलेज़नी हैं। पिछले साल नीरज ने इस प्रतियोगिता से अपने नाम वापस ले लिया था, लेकिन इस बार उन्होंने अपने कोच के सामने ही शानदार प्रदर्शन किया।
"मैं और बेहतर कर सकता हूं" - नीरज का आत्मविश्वास
पेरिस डायमंड लीग जीतने के बाद नीरज ने कहा था, "मुझे विश्वास है कि मैं और बेहतर कर सकता हूं।" उनका यह आत्मविश्वास ओस्त्रावा में भी देखने को मिला। हालांकि, उन्हें अभी टूर्नामेंट रिकॉर्ड (94.64 मीटर) जो कि उनके कोच ज़ेलेज़नी के नाम है, को तोड़ने के लिए कुछ और दूरी तय करनी होगी।
