स्पोर्ट्स

National Badminton championship 2025: सूर्या करिश्मा और ऋत्विक संजीवी बने एकल वर्ग में नेशनल चैंपियन

सूर्या करिश्मा तामिरी और ऋत्विक संजीवी विजयवाड़ा में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला और पुरुष एकल का खिताब अपने नाम करने में सफल रहे। जानिए अन्य वर्गों में किसने जीता खिताब।

Image

ऋत्विक संजीवी (फोटो क्रेडिट BAI Media X)

विजयवाड़ा: सूर्या करिश्मा तामिरी ने रविवार को सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला एकल और ऋत्विक संजीवी ने पुरुष एकल खिताब अपने नाम किया। विजयवाड़ा की 19 वर्षीय सूर्या ने लगभग एक घंटे तक चले महिला एकल फाइनल में तन्वी पत्री को 17-21, 21-12, 21-14 से हराया। वहीं पुरुष एकल फाइनल में ऋत्विक ने भरत को 21-16, 22-20 से शिकस्त दी।

सूर्या ने किया तन्वी को गलतियां करने को मजबूर

तन्वी ने पहले गेम के बीच में नियंत्रण बनाते हुए सूर्या को कई अनफोर्स्ड गलतियां कराईं। दूसरे गेम में 6-5 के स्कोर पर सूर्या का एक सर्विस रिटर्न नेट में गया जिसे सर्विस जज ने ‘ऊंचाई की गलती’ करार दिया जिससे सूर्या को राहत मिली। इसके बाद सूर्या ने लगातार सात अंक जीतकर दूसरा गेम अपने नाम किया। सूर्या ने निर्णायक गेम में तन्वी को लंबी रैलियों में उलझाया जिससे थकान साफ नजर आने लगी। तन्वी ने मुकाबले में बने रहने की कोशिश की, लेकिन अंत में सूर्या ने 15-14 के बाद लगातार छह अंक लेकर मैच जीत लिया।

ऋत्विक ने आसानी से दर्ज की जीत

ऋत्विक ने पुरुष एकल फाइनल का पहला गेम आसानी से जीत लिया लेकिन इसके बाद दूसरे गेम में प्रतिद्वंद्वी के 9-5 की बढ़त बनाने से दबाव में आ गए। 2024 ओडिशा मास्टर्स के विजेता ऋत्विक ने लगातार छह अंक बनाकर बढ़त वापस हासिल की। हालांकि दो गलत फैसलों के कारण भरत ने वापसी की और गेम प्वाइंट भी हासिल किया। इसके बावजूद ऋत्विक ने संयम बनाए रखा और 39 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

शिखा गौतम और अश्विनी भट्ट बनीं महिला युगल चैंपियन

अन्य मुकाबलों में शिखा गौतम और अश्विनी भट्ट के की जोड़ी ने दूसरी वरीयता प्राप्त प्रिया देवी कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा को 21-14, 21-18 से हराकर महिला युगल खिताब जीता। शीर्ष वरीयता प्राप्त हरिहरन अमसकरुनन और आर रुबन कुमार ने पुरुष युगल फाइनल में मिथिलेश पी कृष्णन और प्रेजन को 21-17, 21-12 से पराजित किया। मिश्रित युगल में दूसरी वरीयता प्राप्त सात्विक रेड्डी के और राधिका शर्मा की जोड़ी ने शीर्ष वरीयता प्राप्त आशिथ सूर्य और अमृता पी को 21-9, 21-15 से हराकर खिताब जीता।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article