स्पोर्ट्स

Hockey Asia Cup 2025: हीरो एशिया कप में भाग लेने राजगीर पहुंची मलेशिया की टीम, कप्तान मरहान जलील ने भरी खिताबी जीत की हुंकार

बिहार में आयोजित होने जा रहे हॉकी एशिया कप 2025 में शिरकत करने मलेशिया की टीम राजगीर पहुंच गई है। टीम के कप्तान ने राजगीर पहुंचते ही खिताबी जीत की हुंकार भरी है।

Image

बिहार के राजगीर पहुंचने के बाद मलेशिया हॉकी टीम के खिलाड़ी तस्वीर खिंचवाते हुए

राजगीर: बिहार में आयोजित होने जा रहे हीरो एशिया कप 2025 में शिरकत करने मलेशिया की टीम राजगीर पहुंच गई। पिछली बार जकार्ता में फाइनल मुकाबले में मलेशिया को दक्षिण कोरिया के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। राजगीर पहुंचने के बाद मलेशिया के कप्तान मरहान जलील ने कहा कि इस बार उनकी टीम खिताब जीतने आई है। मरहान जलील ने कहा,'राजगीर आकर बेहद उत्साहित हूं। हमारी तैयारियां अच्छी रही हैं और हम एक शानदार टूर्नामेंट की उम्मीद कर रहे हैं। मेजबान भारत को हराना आसान नहीं होगा क्योंकि उन्होंने प्रो लीग में कई शीर्ष टीमों के साथ खेला है और उनके पास बेहतरीन अनुभव और अंतरराष्ट्रीय हॉकी का एक्सपोजर है।'

मलेशिया के कप्तान ने आगे कहा, मौजूदा चैंपियन कोरिया भी इस टूर्नामेंट में देखने योग्य टीम होगी। कोरिया भी मजबूत टीम है। इस साल हम उनके खिलाफ खेल चुके हैं और वे बेहद फिट और तेज नजर आ रहे हैं। कुल मिलाकर हमारी कोशिश पहले सुपर 4 में पहुंचने की होगी।

टीम के मुख्य कोच सरजीत कुंदन ने गर्मजोशी भरे स्वागत पर खुशी जताते हुए कहा,'सबसे पहले तो हम इस शानदार स्वागत के लिए आभारी हैं। हमें खुशी है कि हम समय से पहले यहां पहुंचे और कुछ वॉर्म-अप मैच भी खेल पाएंगे। हम एक युवा टीम हैं और हमारा लक्ष्य 2028 ओलंपिक और अगले साल के एशियाई खेलों की तैयारी करना है। हाल ही में हमने ऑस्ट्रेलिया और कोरिया का दौरा किया और अब सुल्तान अज़लान शाह टूर्नामेंट भी खेलना है। यहां हमारा मकसद अच्छा खेलना है। हम इस प्रतियोगिता में दूसरी वरीयता प्राप्त टीम हैं और उम्मीद है कि पदक जीतेंगे।”

मलेशिया एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच बांग्लादेश के खिलाफ करेगा। मलेशिया को टूर्नामेंट में पूल-बी में दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे के साथ जगह मिली है। वहीं दूसरी तरफ पूल-ए में भारत, जापान, चीन और कज़ाखस्तान की टीमें शामिल हैं। मैचों का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article