स्पोर्ट्स

GOAT India Tour: आज नई दिल्ली पहुंचेंगे लियोनल मेसी, ऐसा है भारत दौरे के आखिरी दिन का शेड्यूल, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी के भारत दौरे का सोमवार को अंतिम दिन है। राजधानी दिल्ली में मेसी के कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल देखिए।

Image

लियोनेल मेसी के भारत दौरे का अंतिम चरण दिल्ली में होगा

नई दिल्ली: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी सोमवार को भारत दौरे के दिल्ली चरण में एक सांसद के आवास पर भारत के मुख्य न्यायाधीश और सेना प्रमुख से मुलाकात करेंगे। जीओएटी (GOAT) भारत दौरे के अंतिम दिन मेसी फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम के दो सदस्यों से भी मिलेंगे।

सुबह 10:45 बजे दिल्ली पहुंचेंगे मेसी

समझा जा रहा है कि वह सांसद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता प्रफुल पटेल हैं जो अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष के रूप में तीन कार्यकाल तक सेवा दे चुके हैं। मेसी सुबह 10:45 बजे दिल्ली पहुंचेंगे और शहर के एक होटल में 50 मिनट के 'मीट एंड ग्रीट (मुलाकात और अभिवादन)’ सत्र का हिस्सा बनेंगे।

मुख्य न्यायधीश और सेना प्रमुख से करेंगे मुलाकात

उनका अगला पड़ाव एक सांसद का आवास होगा जहां वे भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो अगस्टिन कौसिनो , मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से भी मुलाकात करेंगे। प्रवर्तन निदेशालय के प्रमुख राहुल नवीन के भी सांसद के आवास पर आयोजित होने वाली इस विशेष सभा में शामिल होने की संभावना है। इसमें कुछ शीर्ष सरकारी अधिकारी भी होंगे।

दोपहर 3:30 बजे होगी कोटला में मेसी की एंट्री

वीवीआईपी (विशिष्ट) लोगों से मुलाकात के बाद मेसी का काफिला अरुण जेटली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (फिरोजशाह कोटला स्टेडियम) के लिए रवाना होगा जहां कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। मेसी दोपहर 3:30 बजे स्टेडियम में पिच की ओर जाने वाले रास्ते से प्रवेश करेंगे , जहां उनकी कारें तैयार रहेंगी और जीओएटी कॉन्सर्ट समाप्त होते ही वे सीधे हवाई अड्डे के लिए रवाना हो जाएंगे।

कोटला में खेलेंगे भारतीय हस्तियों के साथ मैच

संगीत के साथ भव्य स्वागत के बाद मेसी छोटे फुटबॉल मैदान की ओर जाएंगे , जहां कुछ भारतीय हस्तियां मैच खेल रही होंगी। मेसी खिलाड़ियों का अभिवादन करेंगे और टीमों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाएंगे। दोपहर 3:55 से 4:15 बजे तक 22 बच्चों के लिए एक फुटबॉल कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके बाद मेसी मैदान के मध्य में जाएंगे , जहां दो भारतीय क्रिकेटर उन्हें उपहार देंगे और अर्जेंटीना के फुटबॉलर दोनों को अपनी हस्ताक्षरित जर्सी भेंट करेंगे।

दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को नई दिल्ली में होने वाले लियोनल मेसी के कार्यक्रम को लेकर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कहा, अरुण जेटली स्टेडियम, फिरोजशाह कोटला ग्राउंड में 15.12.2025 को (01:00 PM – 04:00 PM) होने वाले “लियोनेल मेसी GOAT इंडिया टूर – दिल्ली लेग' के लिए दर्शकों की आवाजाही के चलते स्टेडियम के अंदर और आसपास ट्रैफिक धीमा/प्रभावित रहने की उम्मीद है।

डायवर्जन / प्रतिबंध:

बहादुरशाह जफर मार्ग और JLN मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन/प्रतिबंध

दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी वाहनों की अनुमति नहीं है।

इन रास्तों से बचें (12:00 दोपहर – 05:00 PM):

JLN मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट तक R/A कमला मार्केट तक – दोनों तरफ)

-आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट)

-बहादुरशाह जफर मार्ग (दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक / ITO – दोनों तरफ)

स्टेडियम एंट्री प्वाइंट्स:

गेट 1–8: बहादुरशाह जफर मार्ग (दक्षिणी तरफ) से एंट्री

गेट 10–15: अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल के पास JLN मार्ग (पूर्वी तरफ) से एंट्री

गेट 16–18: पेट्रोल पंप के पास बहादुरशाह जफर मार्ग (पश्चिमी तरफ) से एंट्री

पार्किंग एडवाइजरी:

माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर मुफ्त पार्किंग उपलब्ध है

स्टेडियम के पास पार्किंग सिर्फ लेबल वाले वाहनों के लिए है

वाहन नंबर और संपर्क विवरण के साथ पार्किंग लेबल साफ-साफ दिखाएं

लेबल वाली पार्किंग में एंट्री सिर्फ शाहिदी पार्क के पास BSZ मार्ग पर विक्रम नगर कट से होगी

सामान्य सलाह:

बहादुरशाह जफर मार्ग, JLN मार्ग, या रिंग रोड (राजघाट से I.P. फ्लाईओवर) पर पार्किंग न करें

अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को टो किया जाएगा और उन पर कार्रवाई की जाएगी

मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (गेट नंबर 2, BSZ मार्ग) और राजघाट चौक पर ऐप-आधारित टैक्सी पिक एंड ड्रॉप पॉइंट्स

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस चैनलों के माध्यम से अपडेट रहें

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article