स्पोर्ट्स

मलेशिया मास्टर्स के दूसरे दौर में लक्ष्य और प्रणय बाहर, मालविका, अश्मिता और देविका

भारत के लिए मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 में निराशाजनक दिन में मालविका बंसोड़, अश्मिता चालिहा और देविका सिहाग ही उम्मीद की किरण बनकर उभरीं, जिन्होंने महिला एकल में अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई।

Image

मलेशिया मास्टर्स। फोटो- BAI

कुआलालंपुर, (भाषा)। भारत के लिए मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 में निराशाजनक दिन में मालविका बंसोड़, अश्मिता चालिहा और देविका सिहाग ही उम्मीद की किरण बनकर उभरीं, जिन्होंने महिला एकल में अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई। एसीएल (एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट) चोट से उबरने के बाद वापसी कर रही मालविका ने जर्मनी की दुनिया की 52वें नंबर की खिलाड़ी यवोन ली को 21-17, 16-21, 21-9 से शिकस्त दी।

वहीं, अश्मिता ने इंडोनेशिया की दुनिया की 56वें नंबर की खिलाड़ी थालिता रमाधनी विरियावान पर 21-16, 21-13 से आसान जीत दर्ज की। अब मालविका डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ट से भिड़ेंगी, जबकि अश्मिता का सामना मलेशिया की गोह जिन वेई से होगा। इस साल फरवरी में थाईलैंड मास्टर्स जीतने वाली देविका सिहाग ने कोरिया की पार्क गा युन को 19-21, 21-18, 21-19 से हराया।

मिश्रित युगल में भी मिली जीत

सात्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा ने स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन की जोड़ी को 16-21, 21-14, 21-18 से हराकर मिश्रित युगल के अगले दौर में जगह बना ली है। पुरुष एकल में भारत के सबसे होनहार खिलाड़ी और आठवें वरीय लक्ष्य सेन को इंडोनेशिया के दुनिया के 38वें नंबर के खिलाड़ी मोहम्मद जकी उबैदुल्लाह के खिलाफ 17-21, 11-21 से उलटफेर का सामना करना पड़ा जिससे वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

फिर 2023 एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एच एस प्रणय को भी जापान के छठे वरीय कोदाई नाराओका के खिलाफ 80 मिनट तक चले मुकाबले में 17-21, 22-20, 22-24 से हार का सामना करना पड़ा। किरण जॉर्ज फ्रांस के सातवें वरीय एलेक्स लानियर के खिलाफ 15-21, 1-6 से पिछड़ने के बाद रिटायर हो गए। भारत के तरुण मन्नेपल्ली ने एक गेम की बढ़त गंवा दी और चीनी ताइपे के वांग पो-वेई से 21-17, 14-21, 8-21 से हार गए।

महिला एकल में अनमोल खरब कड़ा संघर्ष करने के बावजूद डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन क्रिस्टोफरसेन कजर्सफेल्ट से 21-13, 16-21, 19-21 से हार गईं। भारत के आशिथ सूर्या और अमृता प्रमुतेश की मिश्रित युगल जोड़ी शुरुआती दौर में इंडोनेशिया के बॉबी सेतियाबुदी और मेलाती देवा ओक्तावियांती से 13-21, 18-21 से हार गई। महिला युगल में रुतापर्णा पांडा और स्वेतापर्णा पांडा बहनें रिन इवानागा और की नाकानिशी की जापानी की दूसरी वरीय और दुनिया की सातवें नंबर की जोड़ी से 7-21, 6-21 से बुरी तरह हार गईं। एक अन्य मिश्रित युगल मुकाबले में रोहन कपूर और रूतविका शिवानी गाडे की जोड़ी को हार का मुंह देखना पड़ा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article