स्पोर्ट्स

Asia Cup Hockey: कजाखस्तान 1994 के बाद पहली बार एशिया कप हॉकी में खेलने को तैयार

Kazakhstan To Play Asia Cup Hockey First Time Since 1994: कजाखस्तान की पुरुष हॉकी टीम 29 अगस्त से शुरू हो रहे एशिया कप के लिए यहां पहुंच गई है। टीम 1994 के बाद से इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में पहली बार हिस्सा ले रही है। येरकेबुलान द्युसेबेकोव की अगुआई में टीम मंगलवार रात यहां पहुंची जो भारतीय सरजमीं पर उनका पहला टूर्नामेंट है।

Image

कजाखस्तान हॉकी टीम भारत पहुंची (X/Hockey India)

कजाखस्तान की पुरुष हॉकी टीम 29 अगस्त से शुरू हो रहे एशिया कप के लिए यहां पहुंच गई है। टीम 1994 के बाद से इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में पहली बार हिस्सा ले रही है। येरकेबुलान द्युसेबेकोव की अगुआई में टीम मंगलवार रात यहां पहुंची जो भारतीय सरजमीं पर उनका पहला टूर्नामेंट है। कजाखस्तान 1994 में हिरोशिमा एशिया कप में पांचवें स्थान पर रहा था। उसी वर्ष टीम ने एशियाई खेलों में भी छठा स्थान हासिल किया।

एफआईएच विश्व रैंकिंग में वर्तमान में 81वें स्थान पर काबिज कजाखस्तान को पूल ए में मेजबान भारत, जापान और चीन के साथ रखा गया है।कजाखस्तान अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को जापान के खिलाफ करेगा, उसके बाद टीम 31 अगस्त को चीन से भिड़ेगी और फिर एक सितंबर को भारत के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप चरण मुकाबला खेलेगी।

हॉकी इंडिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में द्युसेबेकोव के हवाले से कहा गया, ‘‘हम पहली बार भारत आकर बेहद उत्साहित हैं। इस देश को हॉकी का गढ़ माना जाता है और हमारे लिए ऐसे माहौल में खेलना एक बेहद खास मौका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम काफी युवा है और पिछले कुछ महीनों से हमारी तैयारी इन खिलाड़ियों को आत्मविश्वास और उच्चतम स्तर पर प्रदर्शन देने पर केंद्रित रही है। टीम में ऊर्जा और उत्साह शानदार है और हम हर मैच के साथ सीखने और आगे बढ़ने के लिए उत्सुक हैं।’’

चुनौतीपूर्ण पूल के बारे में द्युसेबेकोव ने स्वीकार किया कि उनकी टीम को कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा, ‘‘भारत, जापान और चीन के साथ एक ग्रुप में होना एक कड़ी चुनौती होगी लेकिन हम इसे एशिया की कुछ सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खुद को परखने का एक शानदार मौका मानते हैं। हमारा लक्ष्य कड़ी टक्कर देना, अनुशासन के साथ खेलना और इस बड़े मंच पर कजाखस्तान को गौरवान्वित करना है।’’

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article