स्पोर्ट्स

Unity Cup: ब्रिटेन में पहला मैच खेल रही भारतीय फुटबॉल टीम को यूनिटी कप सेमीफाइनल में जमैका ने हराया, फाइनल का सपना तोड़ा

IND vs JAM, Unity Cup Semi-Final: भारतीयफुटबॉल टीम लंदन में यूनिटी कप 2026 के सेमीफाइनल में जमैका से 0-2 से हार गई। जमैका के लिये कर्टनी क्लार्क ने आठवें और काहेम डिक्सॉन ने 78वें मिनट में गोल दागे। अब तीसरे स्थान के प्लेआफ मुकाबले में भारत का सामना जिम्बाब्वे से होगा।

Image

जमैका ने भारत को यूनिटी कप सेमीफाइनल में हराया (Instagram/IndianFootball)

भारतीय पुरूष फुटबॉल टीम लंदन में यूनिटी कप 2026 के सेमीफाइनल में जमैका से 0-2 से हार गई। जमैका के लिये कर्टनी क्लार्क ने आठवें और काहेम डिक्सॉन ने 78वें मिनट में गोल दागे। अब तीसरे स्थान के प्लेआफ मुकाबले में भारत का सामना जिम्बाब्वे से होगा जिसे दूसरे सेमीफाइनल में नाइजीरिया ने हराया। वहीं फाइनल में पिछले साल की तरह नाइजीरिया की टक्कर जमैका से होगी।

भारत के लिये नोफाल पीएन और रिकी शाबोंग ने सीनियर टीम में पदार्पण किया। भारतीय टीम का ब्रिटेन में यह पहला मैच था। फीफा रैंकिंग में 71वें स्थान पर काबिज जमैका ने आक्रामक शुरूआत करके आठवें ही मिनट में बढ़त बना ली। डिक्सॉन 17वें मिनट में बढत दुगुनी करने के करीब पहुंचे लेकिन गुरप्रीत संधू ने गोल नहीं होने दिया।

ब्रेक के पहले भारतीयों ने कुछ अच्छे मूव बनाये लेकिन गोल में नहीं बदल सके। ब्रेक के बाद 53वें मिनट में जमैका के डिफेंस और गोलकीपर की गलती का फायदा उठाकर भारत गोल करने के करीब भी पहुंचा। रोशन ने गेंद पर नियंत्रण बनाकर रहीम अली को गेंद सौंपी जो लालरिंडिका की जगह हाफ टाइम के बाद उतरे थे । अली आफ साइड में थे लिहाजा फॉलोअप में छांगटे का गोल मान्य नहीं हुआ।

इसके बाद हालांकि भारतीय टीम अचानक लय में दिखने लगी और काफी आक्रामक खेल दिखाया। लेकिन जब लग रहा था कि भारत बराबरी कर लेगा, उसी समय डिक्सॉन ने जमैका के लिये दूसरा गोल कर दिया।

भारत शनिवार (30 मई) को तीसरे स्थान के लिए जिम्बाब्वे से भिड़ेगा। भारत-जिम्बाब्वे का मुकाबला भी चार्लटन में होगा और यह भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। इस बीच, फाइनल उसी दिन बाद में वैली स्टेडियम में नाइजीरिया और जमैका के बीच होगा जो भारतीय समयानुसार रात 12:00 बजे शुरू होगा। इंग्लैंड से लौटने के बाद, भारत ताजिकिस्तान के हिसोर सेंट्रल स्टेडियम में ताजिकिस्तान के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच (5 और 9 जून को) खेलेगा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article