स्पोर्ट्स

ISSF World Shooting Championship: अनीश भानवाला ने विश्व चैंपियनशिप में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में जीता सिल्वर मेडल

भारत के युवा निशानेबाज अनीश भानवाला ने मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम करने में सफल रहे।

Image

अनीश भानवाला (फोटो क्रेडिट NARI X)

काहिरा: भारत के अनीश भानवाला ने रविवार को मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप (पिस्टल/राइफल) में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल फाइनल में दो शूट-ऑफ में जीत हासिल करके रजत पदक अपने नाम किया जो उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है। हरियाणा के इस 23 वर्षीय निशानेबाज ने पहले तीसरे स्थान के लिए शूट-ऑफ में जीत हासिल की और फिर यूक्रेन के मैक्सिम होरोडीनेट्स की चुनौती को पार करते हुए रजत पदक जीता।

सोनीपत के रहने वाले भानवाला ने 585 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने शनिवार को क्वालीफिकेशन के पहलेे चरण में 291 अंक हासिल करने के बाद दूसरे चरण में 294 अंक बनाकर पहली बार विश्व चैंपियनशिप के पिस्टल वर्ग के फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में उन्होंने 28 अंक हासिल करके दूसरा स्थान हासिल किया। फ्रांसीसी खिलाड़ी क्लेमेंट बेसागेट ने 31 अंक बनाकर स्वर्ण पदक जीता। वह 589 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में भी शीर्ष स्थान पर रहे।

पेरिस ओलंपिक खेलों में 13वें स्थान पर रहने वाले भानवाला पांच-पांच शॉट की पहली तीन सीरीज के बाद 16 अंक के साथ दूसरे स्थान पर जबकि चीन के नी झिक्सिन 17 अंक के साथ शीर्ष पर रहे। उन्होंने एलिमिनेशन राउंड में भी अपनी लय बरकरार रखी और लगातार 4-4 अंक बनाकर तीन अन्य के साथ 20 अंक पर बराबरी पर रहे। लेकिन तीसरे एलिमिनेशन राउंड में वह लड़खड़ा गए और कुल 22 अंक के साथ पिछड़ गए। इस राउंड के बाद क्लेमेंट 25 अंक के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए।

इसके बाद अनीश ने तीसरे स्थान के लिए जर्मनी के इमैनुएल म्यूलर के साथ शूट-ऑफ में जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने रजत पदक के लिए शूट-ऑफ में यूक्रेन के मैक्सिम को हराया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य भारतीय आदर्श सिंह (575 – 285+290) और समीर (571 – 286+285) क्रमशः 22वें और 35वें स्थान पर रहे। अनीश, आदर्श और समीर की भारतीय टीम 1731 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रही।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article