स्पोर्ट्स

इंडोनेशिया ओपन में पीवी सिंधु की चुनौती खत्म, लक्ष्य भी श्रीकांत से हारकर हुए बाहर

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 15, 2023, 01:44 PM IST

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का सफर इंडोनेशिया ओपन में खत्म हो गया है। उन्हें राउंड ऑफ 16 मुकाबले में ताइ जू यिंग के हाथो हार का सामना करना पड़ा। मेंस सिंगल्स मुकाबले में लक्ष्य सेन को भी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें भाारत के ही किदांबी श्रीकांत ने हराया।

Image

पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत (साभार-BAI)

KEY HIGHLIGHTS
  • इडोनेशिया ओपन में पीवी सिंधु का सफर खत्म
  • लक्ष्य सेन भी हारकर हुए बाहर
  • किदांबी श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

किदांबी श्रीकांत ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए दो भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले में लक्ष्य सेन को सीधे गेम में हराकर गुरुवार को यहां इंडोनेशिया ओपन विश्व टूर सुपर 1000 बैडमिंटन स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का अभियान हार के साथ खत्म हुआ। पुरुष एकल के दूसरे दौर के मुकाबले में लक्ष्य ने श्रीकांत को कड़ी टक्कर दी लेकिन विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर रह चुके अनुभवी खिलाड़ी ने 45 मिनट तक चले मैच को 21-17 22-20 से अपने नाम किया।

दोनों खिलाड़ियों के तीन मैचों श्रीकांत की यह तीसरी जीत है।

दुनिया की 14वें नंबर की महिला एकल खिलाड़ी सिधु दूसरे दौर के मैच में चीनी ताइपे की दुनिया की तीसरी रैंकिंग की खिलाड़ी ताइ जू यिंग से 18-21 16-21 से हार गयी।

सिंधू पिछली दो टूर्नामेंटों में शुरुआती दौर में बाहर हो गई थीं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइ जू के खिलाफ सिंधु को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। दोनों खिलाड़ियों के बीच खेले गये 24 मुकाबलों में चीनी ताइपे की खिलाड़ी ने 19 मैच अपने नाम किये हैं। सिंधु की हार के साथ ही महिला एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गयी।

लक्ष्य सेन को करना पड़ा हार का सामना

पुरुष एकल के मैच में लक्ष्य ने सकारात्मक शुरुआत करते हुए 4-0 की बढ़त बना ली लेकिन श्रीकांत ने लय हासिल करने के बाद वापसी की। इसके बाद दोनों 17-17 की बराबरी पर पहुंच गये। श्रीकांत ने अब आक्रामक रूख अपनाया और लगातार चार अंक जुटाकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दोनों के बीच दूसरे गेम में भी कड़ा मुकाबला जारी रही। एक समय दोनों का स्कोर 13-13 था। श्रीकांत ने लगातार छह अंक बनाकर 20-14 की बढ़त बना ली। विश्व चैम्पियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता लक्ष्य ने दमदार वापसी करते हुए स्कोर को 20-20 कर दिया। श्रीकांत ने अनुभव का लाभ उठाते हुए लगातार दो अंक हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अगले दौर में उनके सामने चीन के ली शी फेंग की चुनौती होगी। फेंग ने एक अन्य मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त सिंगापुर के लोह कीन यू को 21-19 21-14 से हराया।

End of Article