स्पोर्ट्स

हॉकी इंडिया ने यौन दुराचार के आरोपों की जांच के बाद कोच को दी क्लीन चिट, जानिए क्या है पूरा मामला

हॉकी इंडिया ने जूनियर महिला टीम के एक कोच के खिलाफ यौन दुराचार के आरोपों की जांच करने के बाद उसे क्लीन चिट दे दी है। जानिए क्या है पूरा मामला।

Image

हॉकी इंडिया लोगो

नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने रविवार को कहा कि जूनियर महिला टीम के एक कोच के खिलाफ यौन दुराचार के आरोपों की उसकी आंतरिक जांच में कोई सबूत नहीं मिला है और उन्हें चिली के सैंटियागो में होने वाले विश्व कप के लिए टीम के साथ यात्रा करने की अनुमति दे दी गई है। हॉकी इंडिया ने पीटीआई को जारी एक विशेष बयान में कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में लगाए गए कथित आरोपों के बाद उसने जांच कराई थी। हालांकि महासंघ ने कहा कि हॉकी इंडिया और भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) को इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली थी।

नहीं मिली आरोप सिद्ध करने वाली जानकारी

हॉकी इंडिया के बयान में कहा गया,'कुछ मीडिया रिपोर्ट में भारतीय जूनियर महिला टीम में यौन दुराचार की बात कही गई थी। हालांकि हॉकी इंडिया को कोई आधिकारिक शिकायत या कोई भी आरोप सिद्ध करने वाली जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद 2013 के पीओएसएच अधिनियम के तहत आंतरिक शिकायत समिति ने शुक्रवार को इन मीडिया रिपोर्टों के आधार पर एक जांच की।'

चिली जाने वाले खिलाड़ियों से की अलग-अलग बातचीत

हॉकी इंडिया ने कहा कि समिति ने चिली (जहां टूर्नामेंट एक दिसंबर से शुरू होगा) जाने वाली टीम के सभी सदस्यों से अलग-अलग बात की और उन्हें किसी भी तरह की गड़बड़ी का कोई सबूत नहीं मिला। बयान में कहा गया,'खिलाड़ियों ने साथ जाने वाले कोच और सहयोगी स्टाफ पर पूरा भरोसा जताया। हॉकी इंडिया का यौन उत्पीड़न या यौन दुराचार के प्रति ‘शून्य सहिष्णुता‘ (जीरो टॉलरेंस) का रुख है और वह खिलाड़ियों विशेषकर महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उच्च मानक बनाए रखता है।'

महिला सहयोगी स्टाफ की तैनाती की है सुनिश्चित

महासंघ ने कहा कि उसने अपनी मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत महिला सहयोगी स्टाफ की तैनाती भी सुनिश्चित की है। हॉकी इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दोहराया कि किसी भी खिलाड़ी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है और बताया कि संबंधित कोच टीम के साथ यात्रा करेगा। अधिकारी ने पीटीआई से कहा,'हमें कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) को कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी हमने विस्तृत आंतरिक जांच की और सभी खिलाड़ियों से बात की, लेकिन कुछ भी सामने नहीं आया। हम लगातार मंत्रालय के संपर्क में हैं जिसने पुष्टि की है कि उसे कोई लिखित या औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। मनगढ़ंत आरोपों के आधार पर साइ ने कभी हमसे कोच को रोकने के लिए नहीं कहा।'

खेल मंत्रालय को भी नहीं मिली कोई औपचारिक शिकायत

खेल मंत्रालय ने भी कोई शिकायत मिलने से इनकार किया। मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा,'हमें साइ और टॉप्स को कोई लिखित या औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। हमारे अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से खिलाड़ियों से बात की है और उनमें से किसी ने भी कुछ नहीं बताया।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article