स्पोर्ट्स

Commonwealth Kabaddi Championship: भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने की जीत के साथ अभियान की शुरुआत

भारत ने राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप के महिला और पुरुष दोनों वर्ग में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। महिला टीम ने मलेशिया को और पुरुष टीम ने इंग्लैंड को मात दी।

Image

राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय महिला टीम (फोटो क्रेडिट ommonwealth Kabaddi Championship)

अहमदाबाद: भारत ने राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप के महिला और पुरुष दोनों वर्ग में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। भारतीय महिला टीम ने अपने पहले मलेशिया को वहीं पुरुष टीम ने इंग्लैंड को मात दी। भारतीय महिला टीम ने मलेशिया को 73-13 के अंतर से करारी शिकस्त दी जबकि पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 46-26 से हराकर विजयी शुरुआत की।

महिला टीम ने मलेशिया के खिलाफ बनाए रखा दबदबा

भारतीय महिलाओं ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। कप्तान निधि शर्मा के नेतृत्व में भारत ने रेड और टैकल दोनों में शानदार प्रदर्शन किया। निधि ने रेड से आठ अंक जुटाए। भारतीय टीम ने रेड से 40 और टैकल से 20 अंक हासिल किए। कुल मिलाकर मुकाबला एकतरफा रहा। इस जीत के साथ ही भारतीय महिलाओं ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।

पुरुष टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ बनाए रखा दबदबा

वहीं भारतीय पुरुष टीम ने भी इंग्लैंड को 46-26 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। नवीन कुमार और नीरज नरवाल ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। भारत ने इंग्लैंड को तीन बार ऑल आउट किया, जबकि खुद एक बार भी ऑल आउट नहीं हुआ। नवीन भारत के शीर्ष स्कोरर रहे। उन्होंने रेड से 11 और टैकल से एक अंक सहित कुल 12 अंक जुटाए। नीरज नरवाल ने रेड से 11 अंक हासिल किए। भारतीय महिला टीम शनिवार को सिंगापुर से भिड़ेगी जबकि पुरुष टीम का सामना युगांडा से होगा।

23 देशों की टीमें ले रही हैं भाग

पहली राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन 23 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हो रहा है। एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, कनाडा और बांग्लादेश सहित कुल 13 देशों की 23 टीमें (13 पुरुष और 10 महिला टीमें) हिस्सा ले रही हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article