क्लेवलैंड: भारतीय लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम करते हुए चार मिनट से कम समय में एक मील दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने यह उपलब्धि अमेरिका में आयोजित 24वें वार्षिक म्यूजिक सिटी ट्रैक कार्निवल में खिताब जीतते हुए हासिल की। म्यूजिक सिटी ट्रैक कार्निवल का आयोजन अमेरिका स्थित ली यूनिवर्सिटी के क्लीवलैंड परिसर में किया गया था। यह प्रतियोगिता विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर की चैलेंजर श्रेणी का हिस्सा है।
3 मिनट, 55.63 सेकेंड में पूरी की एक मील दौड़
गुलवीर ने पुरुषों की पेशेवर एक मील दौड़ में 3 मिनट 55.63 सेकंड का शानदार समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस प्रदर्शन के साथ 27 वर्षीय धावक ने भारतीय एथलेटिक्स इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया। मेजबान अमेरिका के क्रिस्टोफर नाइट 3 मिनट 59.72 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि ट्रिस्टन ट्रेविनो ने 4 मिनट 00.27 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया।
एशियाई खेलों में जीत चुके हैं कांस्य पदक
पुरुष 10,000 मीटर दौड़ में एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता गुलवीर इन दिनों आगामी राष्ट्रमंडल खेलों और जापान में होने वाले एशियाई खेलों की तैयारी के लिए अमेरिका में प्रशिक्षण और विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय सेना से जुड़े इस धावक के नाम पहले से ही कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। उनके नाम 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी दर्ज है।
5000 और 10000 मीटर के हैं मौजूदा चैंपियन
उत्तर प्रदेश के अतरौली में जन्मे गुलवीर सिंह का जन्म एक किसान परिवार में हुआ है। वो भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह पुरुषों की 10,000 मीटर और 5000 मीटर स्पर्धाओं में मौजूदा एशियाई चैंपियन हैं, उन्होंने 2025 एशियाई चैंपियनशिप में दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे।
(भाषा)
