स्पोर्ट्स

दक्षिण अफ्रीका में पूर्व विश्व चैंपियन मुक्केबाज जोलानी टेटे की हत्या, घर के बाहर मारी गई गोली

पूर्व विश्व चैंपियन मुक्केबाज जोलानी टेटे की दक्षिण अफ्रीका में स्थित उनके आवास के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। दक्षिण अफ्रीका के खेल, कला और संस्कृति मंत्री गेयटन मैकेंजी ने कहा कि 38 वर्षीय टेटे की उनकी कार में ही हत्या कर दी गई। उनके साथ वाहन में मौजूद 27 वर्षीय महिला को कई गोलियां लगीं और वह अस्पताल में भर्ती है।

Image

Zolani Tete की गोली मारकर हत्या। फोटो- सोशल मीडिया

पूर्व विश्व चैंपियन मुक्केबाज जोलानी टेटे की दक्षिण अफ्रीका में स्थित उनके आवास के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। दक्षिण अफ्रीका के खेल, कला और संस्कृति मंत्री गेयटन मैकेंजी ने कहा कि 38 वर्षीय टेटे की उनकी कार में ही हत्या कर दी गई। उनके साथ वाहन में मौजूद 27 वर्षीय महिला को कई गोलियां लगीं और वह अस्पताल में भर्ती है।

टेटे ने 2007-2008 में डब्ल्यूबीएफ फ्लाईवेट श्रेणी में और 2017 और 2019 में डब्ल्यूबीओ बैंटमवेट श्रेणी में विश्व मुक्केबाजी खिताब जीते थे। पुलिस ने बताया कि यह घटना तब घटी जब टेटे पूर्वी केप के मडांटसेन में अपने आवास पर गेट खुलने का इंतजार कर रहे थे। उसी समय दो नकाबपोश व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया।

कठिनाइयों से बीता बचपन

टेटे का पालन-पोषण मडांटसेन टाउनशिप में हुआ। उनका बचपन कठिनाइयों से भरा था। उनके पिता एक पादरी थे। जब जोलानी आठ साल के थे, तब उन्होंने और उनके भाई मकाजोले ने मुक्केबाजी शुरू की। शौकिया मुक्केबाजी में रहते हुए टेटे दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विश्व चैंपियन वुयानी बुंगू और वेलकम एनसीटा को अपना आदर्श मानते थे।

400 अधिक की फाइट

बाद में टेटे को बुंगू ने प्रशिक्षित किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने 400 से अधिक शौकिया मुकाबले लड़े, जिनमें से केवल तीन में उन्हें हार मिली। एक शौकिया मुक्केबाज के रूप में उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रीय खेलों में पूर्व डब्ल्यूबीए विश्व मिनीफ्लाई और डब्ल्यूबीए और आईबीएफ विश्व जूनियर फ्लाईवेट चैंपियन और द रिंग चैंपियन हेक्की बुडलर से दो बार मुकाबला किया। टेटे ने हेक्की से एक मुकाबला जीता और एक में हार का सामना किया।

चार साल का लगा था बैन

टेटे के नाम बॉक्सिंग इतिहास में टाइटल फाइट में सबसे तेज नॉकआउट का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड था, उन्होंने पहले राउंड के ग्यारह सेकंड में ही सिबोनीसो गोन्या को नॉकआउट कर दिया था। अगस्त 2023 में, स्टैनोजोलोल के लिए डोप टेस्ट के बाद एंटी-डोपिंग नियम उल्लंघन के लिए टेटे को चार साल का प्रतिबंध जारी किया गया था। बैन 29 जुलाई 2026 को समाप्त हुआ था।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article