स्पोर्ट्स

स्पेन के सामने 106 मिनट तक दीवार बनकर खड़े थे मार्टिनेज, 11 गोल रोककर भी नहीं बचा पाए अर्जेंटीना की हार

ARG vs SPN Final: अर्जेंटीना के गोलकीपर मार्टिनेज पूरे 106 मिनट तक स्पेनिश अटैक के सामने दीवार बनकर खड़े रहे। अगर 2022 के विश्व चैंपियन गोलकीपर का यह करिश्माई प्रदर्शन न होता तो अर्जेंटीना को और बड़ी हार झेलनी पड़ती।

Image

अर्जेंटीना के गोलकीपर (फोटो साभार- FIFA)

ARG vs SPN Final: विश्व कप फाइनल में अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने धैर्य की मिसाल पेश की। टीम के बाकी साथियों के उलट उन्होंने एक-एक पल को शांत रहकर खेला और इसी का नतीजा था कि स्पेन के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उन्होंने 11 शानदार बचाव किए। यह किसी भी विश्व कप फाइनल में गोलकीपर द्वारा किए गए सबसे ज्यादा सेव का नया रिकॉर्ड है। मार्टिनेज पूरे 106 मिनट तक स्पेनिश अटैक के सामने दीवार बनकर खड़े रहे।

मार्टिनेज ने रोके 11 गोल

स्पेन ने लगातार हमले बोले, बॉक्स के अंदर-बाहर से शॉट लगाए, लेकिन हर बार मार्टिनेज ने अपने लंबे कद और फुर्ती का इस्तेमाल कर गेंद को गोलपोस्ट से दूर रखा। अगर 2022 के विश्व चैंपियन गोलकीपर का यह करिश्माई प्रदर्शन न होता तो अर्जेंटीना को और बड़ी हार झेलनी पड़ती। लेकिन फुटबॉल में एक पल ही काफी होता है। 106वें मिनट में स्पेन को वह मौका मिल ही गया जिसका उसे इंतजार था। फेरान टोरेस ने बॉक्स के अंदर मिली जगह का फायदा उठाया और मार्टिनेज को छकाते हुए गेंद को नेट में उलझा दिया। यह टोरेस का वर्ल्ड कप में पहला गोल था और यही गोल निर्णायक साबित हुआ। स्कोर 1-0 हो गया।

एक गोल ने तोड़ा अर्जेंटीना का सपना

इस एक गोल ने लियोनेल मेसी का लगातार दूसरा वर्ल्ड कप जीतने का सपना तोड़ दिया। दूसरी तरफ, स्पेन ने 2010 के बाद पहली बार विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया। जैसे ही रेफरी ने फाइनल विसल बजाई, स्टेडियम में स्पेनिश फैंस का शोर गूंज उठा। लोग नाचने लगे, एक-दूसरे को गले लगाने लगे और लाल-पीले झंडे लहराने लगे। स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में अटैकिंग फुटबॉल खेली और फाइनल में भी वही रणनीति अपनाई। लगातार दबाव बनाने का फायदा आखिरकार 106वें मिनट में मिला।

एक गोलकीपर अकेले नहीं जिता सकता मैच

अर्जेंटीना के लिए मार्टिनेज हीरो रहे, लेकिन फुटबॉल टीम गेम है और एक गोलकीपर अकेले मैच नहीं जिता सकता। मार्टिनेज ने 11 बचाव कर फाइनल का रिकॉर्ड तो बनाया, मगर ट्रॉफी स्पेन ले गया। अर्जेंटीना को सिर्फ सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article