PV Sindhu in China Open: जापान ओपन सुपर 750 का खिताब जीतकर लय में लौटीं पीवी सिंधू मंगलवार से शुरू हो रहे चीन ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय दल की अगुआई करेंगी। हालांकि, भारत को बड़ा झटका पुरुष डबल्स में लगा है। कंधे की चोट से जूझ रहे सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के पूरी तरह फिट न होने के कारण सात्विक-चिराग शेट्टी की स्टार जोड़ी इस टूर्नामेंट से हट गई है। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधू करीब दो साल बाद कोई बड़ा खिताब जीतकर चीन पहुंची हैं।
जापान ओपन जीतकर चीन पहुंचीं सिंधू
तोक्यो में उन्होंने फाइनल में जापान की तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन अकाने यामागुची को सीधे गेम में हराया था। पूरे टूर्नामेंट में सिंधू एक भी गेम नहीं हारीं। चीन ओपन के पहले दौर में उनका सामना हमवतन उन्नति हुड्डा से होगा। जीतने पर दूसरे दौर में चीन की चौथी वरीय चेन यू फेई से टक्कर संभव है। महिला सिंगल्स में देविका सिहाग थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान के खिलाफ उतरेंगी।
सात्विक और चिराग ने पिछले महीने सिंगापुर ओपन सुपर 750 जीता था, लेकिन सात्विक की बार-बार उभर रही कंधे की चोट के कारण उन्होंने जापान ओपन भी मिस किया था। अब वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले पूरी तरह फिट होने के लिए दोनों ने चीन ओपन स्किप करने का फैसला किया है। 17 साल बाद भारत में वर्ल्ड चैंपियनशिप होनी है, इसलिए यह जोड़ी कोई रिस्क नहीं लेना चाहती।
लक्ष्य सेन भी खेलते आएंगे नजर
पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और एचएस प्रणय भारत की चुनौती संभालेंगे। पेरिस ओलंपिक के सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य पहले दौर में जापान के युशी तनाका से खेलेंगे। वर्ल्ड नंबर 24 आयुष शेट्टी इंडोनेशिया के अल्वी फरहान से भिड़ेंगे, जबकि 2023 वर्ल्ड चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट प्रणय का सामना मलेशिया के लिओंग जुन हाओ से होगा।
मिक्स्ड डबल्स में तनीषा क्रास्टो-ध्रुव कपिला की जोड़ी चीन की पांचवीं वरीय गुओ शिन वा और चेन फांग हुई से खेलेगी। रोहन कपूर-रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी टॉप सीड फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग के सामने होगी। मेंस डबल्स में हरिहरन अम्साकरुणन और एम.आर. अर्जुन की जोड़ी चौथी वरीय लियांग वेई केंग और वांग चांग से टकराएगी। भारतीय दल जापान ओपन की लय को चीन में भी बरकरार रखना चाहेगा।
