क्रिकेट

IND A vs NZ A Test: 199 रन पर आउट होने के बाद अंपायर के फैसले से नाराज हुए देवदत्त पडिक्कल, देखें वीडियो

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच के दौरान देवदत्त पडिक्कल दोहरा शतक लगाने से सिर्फ एक रन दूर रह गए। अंपायर द्वारा कैच आउट दिए जाने के बाद वे 199 रन पर पवेलियन लौट गए। पडिक्कल की इस पारी ने इंडिया 'ए' को दूसरी पारी में शुरुआती झटकों से उबरने में मदद की।

Image

199 के स्कोर पर आउट हुए देवदत्त पडिक्कल।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बर्ट सटक्लिफ ओवल में इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले जा रहे पहले अनौपचारिक टेस्ट के तीसरे दिन देवदत्त पडिक्कल सिर्फ एक रन से दोहरा शतक बनाने से चूक गए। जिससे उन्हें गहरा दुख हुआ। बाएं हाथ का बल्लेबाज अंपायर के फैसले से नाखुश दिखा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

यह घटना तीसरे दिन, भारत ए की दूसरी पारी के 85वें ओवर की चौथी गेंद पर घटी। न्यूजीलैंड ए के तेज गेंदबाज गिब्सन ने लेग साइड की ओर एक गेंद फेंकी, जिसे पडिक्कल ने लेग साइड की तरफ खेलने की कोशिश की, लेकिन वे चूक गए। गेंद उनके पैड को छूती हुई विकेटकीपर मिचेल हे के दस्तानों में चली गई। जब गेंद बल्ले के पास से गुजरी तो एक आवाज आई, लेकिन पडिक्कल को पूरा यकीन था कि गेंद उनके बल्ले से नहीं लगी है।

अंपायर के फैसले पर जताई नाराजगी

अपील बहुत जोरदार नहीं थी, फिर भी अंपायर ने अपनी उंगली उठा दी। पडिक्कल ने तुरंत अंपायर की ओर अविश्वास भरी नजरों से देखा और इशारे से बताया कि गेंद उनके बल्ले से कितनी दूर थी। वे कुछ देर तक पिच पर ही खड़े रहे, फैसले से साफ तौर पर नाखुश थे। फिर फिर वापस लौट गए। 199 के स्कोर पर आउट होकर उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। मैदान से बाहर जाते समय वे निराशा में अपना सिर हिला रहे थे। तभी यश राठौड़ उनके पास आए और उनके प्रयास की सराहना करते हुए उनके कंधे पर थपथपाया।

भारत को मिली विशाल बढ़त

उनकी पारी 248 गेंद पर 199 रनों पर समाप्त हुई, जिसमें 24 चौके और तीन छक्के शामिल थे। दबाव के बीच यह एक बेहतरीन पारी थी। देवदत्त की बदौलत भारत ए ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लीड हासिल कर ली है। खबर लिखे जाने तक इंडिया ए ने 7 विकेट के नुकसान पर 466 रन बना लिए थी। भारत ने कुल 262 रन की बढ़त हासिल कर ली है। क्रीज पर सुंदर और आकिब नबी मौजूद थे। भारत की पहली पारी 113 रन पर सिमट गई थी।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article