स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2022: मेसी के धमाल से अर्जेंटीना की नॉकआउट की उम्मीदें बरकरार, मैक्सिको को दी 2-0 से शिकस्त

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 27, 2022, 09:55 AM IST

Argentina vs Mexico in FIFA World Cup 2022: दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी के धमाल से अर्जेंटीना की फीफा विश्व कप 2022 के नॉकआउट राउंड में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं। अर्जेंटीना ने मैक्सिको के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की।

Image

लियोनल मेसी

लुसैल: दिग्गज खिलाड़ी लियोनल मेसी के गोल से अर्जेन्टीना ने यहां मैक्सिको पर 2-0 की जीत के साथ फीफा विश्व कप के नॉकआउट में जगह बनाने की अपनी उम्मीद जीवंत रखी। मेसी ने एंजेल डि मारिया के पास पर 64वें मिनट में 25 यार्ड की दूरी से गोल दागा। टीम की ओर से दूसरा गोल स्थानापन्न खिलाड़ी एंजो फर्नांडिस ने 87वें मिनट में किया।

अर्जेन्टीना को पहले मैच में सऊदी अरब के खिलाफ 1-2 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। बुधवार को पोलैंड के खिलाफ होने वाले अंतिम ग्रुप मैच से पहले अर्जेन्टीना की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर चल रही है और नॉकआउट में जगह बनाने के लिए उसे संभवत: एक और जीत दर्ज करनी होगी। पैंतीस साल के मेसी संभवत: अपना अंतिम विश्व कप खेल रहे हैं और यही एक बड़ा टूर्नामेंट है जिसका वह खिताब नहीं जीत पाए हैं।

मेसी का यह विश्व कप में आठवां गोल है। उनके प्रतिद्वंद्वी पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भी विश्व कप में आठ ही गोल दागे हैं जबकि अर्जेन्टीना के महान खिलाड़ी डिएगो माराडोना के नाम पर भी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में इतने ही गोल दर्ज हैं। कुछ लोगों का मानना है कि पेले और माराडोना की तरह खेल के महानतम खिलाड़ियों की सूची में शामिल होने के लिए मेसी को विश्व कप जीतने की जरूरत है। मैक्सिको के खिलाफ जीत की बदौलत मेसी की यह उम्मीद अब भी बरकरार है।

इस गोल से पहले मेसी के लिए मैच हताशा भरा रहा और प्रत्येक समय दो डिफेंडर उनके इर्द-गिर्द रहे और उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

मेसी के गोल के साथ ही हालांकि मैच की लय पूरी तरह बदल गई और अर्जेन्टीना ने आसान जीत दर्ज की। मेसी का यह टूर्नामेंट का दूसरा और कुल 93वां अंतरराष्ट्रीय गोल है। उन्होंने सऊदी अरब के खिलाफ भी पेनल्टी पर गोल दागा था।

End of Article