पणजी: ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी दो बार के चैम्पियन अमेरिका के लेवोन आरोनियन को अंतिम 16 के दूसरे गेम में हराकर फिडे शतरंज विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। अर्जुन ने काले मोहरों से खेलते हुए जीत दर्ज की। उन्होंने क्लासिकल टाइम कंट्रोल में पहला मुकाबला ड्रॉ खेला था लेकिन दूसरे मुकाबले में आरोनियन जैसे दिग्गज को कोई मौका नहीं दिया।
भारत के ग्रैंडमास्टर पी हरिकृष्णा ने मैक्सिको के जोस एडुआर्डो मार्तिनेज से लगातार दूसरा मुकाबला ड्रॉ खेला। उजबेकिस्तान के नोदिरबेक याकूबोएव ने आर्मेनिया के गैब्रियल सर्जिसियान को हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। हरिकृष्णा को रविवार को टाइब्रेकर खेलना होगा। इस टूर्नामेंट से शीर्ष तीन खिलाड़ी अगले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में खेलेंगे।
अन्य मुकाबलों में अमेरिका के सैम शैंकलैंड ने रूस के दानिल दुबोव से ड्रॉ खेला और अब टाइब्रेकर खेलेंगे। वहीं रूस के आंद्रेइ एसिपेंको और अलेक्सी ग्रेबनेव के बीच विजेता का चयन भी टाइब्रेकर से होगा।
(भाषा)
