स्पोर्ट्स

धीरज बोम्मादेवर बने विश्व कप फाइनल में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज

भारतीय रिकर्व तीरंदाज धीरज बोम्मादेवर ने रविवार को जापान के नाकानिशी जुन्या को रोमांचक शूट-ऑफ में हराकर विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज बनकर इतिहास रच दिया।

Image

धीरज बोम्मादेवर (फोटो क्रेडिट Sony LIV)

साल्टिलो (मेक्सिको): शीर्ष रैंकिंग वाले भारतीय रिकर्व तीरंदाज धीरज बोम्मादेवर ने रविवार को जापान के नाकानिशी जुन्या को रोमांचक शूट-ऑफ में हराकर विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज बनकर इतिहास रच दिया। विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज 25 साल के धीरज ने 2023 और 2024 सत्र की निराशा को पीछे छोड़ते हुए इस बार शानदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने रोमांचक खिताबी मुकाबले में विश्व नंबर 20 नाकानिशी को 6-5 (28-28, 28-29, 29-28, 28-30, 28-27) से हराया। पांच सेट के मुकाबले के बाद स्कोर 5-5 से बराबर था, जिसके बाद शूट-ऑफ में धीरज ने 10-9 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ धीरज विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज बन गए। उन्होंने प्रतिष्ठित खिताब जीतने के लिए भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाजी का 16 साल का इंतजार भी खत्म किया। जयंत तालुकदार पिछले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज थे, जिन्होंने 2010 में एडिनबर्ग में कांस्य पदक जीता था।

धीरज के अलावा डोला बनर्जी विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने वाली अन्य भारतीय हैं। उन्होंने 2007 में दुबई में महिला व्यक्तिगत वर्ग का खिताब जीता था। विश्व कप फाइनल में भारत की ओर से सर्वाधिक पदक जीतने का रिकॉर्ड दीपिका कुमारी के नाम है। उन्होंने आठ बार की भागीदारी में पांच रजत और एक कांस्य पदक जीता है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article