स्पोर्ट्स

CWG 2026: प्रिया ने घरेलू दर्शकों को किया शांत, प्रीति और जादुमणि भी मुक्केबाजी के सेमीफाइनल में पहुंचे

CWG 2026 Boxing: मौजूदा एशियाई चैंपियन प्रिया घंघास ने मेजबान स्कॉटलैंड के दर्शकों के समर्थन के साथ रिंग में उतरी स्थानीय खिलाड़ी के सामने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की, जबकि प्रीति पवार और जादुमणि सिंह ने भी अपने-अपने मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन कर राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर दिए। परवीन हुड्डा और कपिल पोखरिया को अंतिम आठ मुकाबले में हारकर बाहर होना पड़ा।

Image

कॉमनवेल्थ गेम्स बॉक्सिंग में भारत का दिखा दम

Photo : AP

मौजूदा एशियाई चैंपियन प्रिया घंघास ने मेजबान स्कॉटलैंड के दर्शकों के समर्थन के साथ रिंग में उतरी स्थानीय खिलाड़ी के सामने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की, जबकि प्रीति पवार और जादुमणि सिंह ने भी अपने-अपने मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन कर राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर दिए। परवीन हुड्डा और कपिल पोखरिया को अंतिम आठ मुकाबले में हारकर बाहर होना पड़ा।

महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग में एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति ने उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लाइड को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग में प्रिया ने पहले राउंड में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए स्कॉटलैंड की स्थानीय दावेदार नियाम मिशेल को 4-1 के विभाजित फैसले से मात दी।

पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग में जादुमणि सिंह ने जाम्बिया के म्वेंगो म्वाले को सर्वसम्मत फैसले से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

प्रिया के लिए यह मुकाबला आसान नहीं था। 20 वर्षीय हरियाणा की मुक्केबाज को स्कॉटलैंड की घरेलू दर्शकों के भारी समर्थन के बीच रिंग में उतरना पड़ा। स्कॉटलैंड की मुक्केबाज की हर पंच पर दर्शकों की जोरदार प्रतिक्रिया के बावजूद प्रिया ने धैर्य नहीं खोया। उन्होंने जीत के बाद मुस्कुराते हुए कहा, "यही तो एहसास है, स्कॉटलैंड में स्कॉटलैंड को हराना।" पहले राउंड में प्रिया को कड़ी चुनौती मिली और चार जज ने स्कॉटिश मुक्केबाज के पक्ष में फैसला दिया। भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि दूसरे राउंड में आक्रामक रुख अपनाया और लगातार सटीक पंच लगाकर मिशेल को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इस राउंड में दोनों मुक्केबाजों पर एक-एक अंक की कटौती भी हुई।

इसके बावजूद प्रिया की लय नहीं टूटी। उन्होंने दूसरे राउंड में 4-1 से जीत हासिल की और निर्णायक तीसरे राउंड में संयम के साथ बेहतर पंच लगाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

प्रीति ने निकोल के खिलाफ शुरुआत से ही अपना दबदबा कायम रखा। लंबाई में पीछे होने के बावजूद भारतीय मुक्केबाज ने अपनी गति, फुटवर्क और सटीक पंचों के दम पर मुकाबले को नियंत्रित किया।

उन्होंने पहले राउंड में लगातार शानदार संयोजन पंच लगाकर बढ़त बनाई, और फिर दूसरे राउंड में उनके तेज चाल और सटीक हमलों का क्लाइड के पास कोई जवाब नहीं था।

अंतिम राउंड में बढ़त सुरक्षित होने के बावजूद भारतीय मुक्केबाज ने अनुशासन बनाए रखा और सर्वसम्मत फैसले से जीत दर्ज की। यह प्रीति के करियर का पहला राष्ट्रमंडल खेल पदक होगा। सेमीफाइनल में उनका सामना जाम्बिया की कैथरीन मवापे से होगा।

पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग में मणिपुर के जादुमणि सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक पक्का किया। उन्होंने शुरुआत से ही तकनीकी कौशल, तेज फुटवर्क और सटीक काउंटर पंचिंग के जरिए जाम्बिया के म्वेंगो म्वाले पर दबाव बनाए रखा। जादुमणि ने मुकाबले के दौरान अपने प्रतिद्वंद्वी को लय हासिल करने का मौका नहीं दिया और लगातार प्रभावी पंच लगाकर पांचों जजों का समर्थन हासिल किया। उनकी 5-0 की जीत के साथ भारत की पदक उम्मीदें और मजबूत हो गईं।

महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग में पूर्व एशियाई चैंपियन और विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता परवीन हुड्डा का अभियान समाप्त हो गया। उन्हें इंग्लैंड की साशा हिकी के खिलाफ 2-3 के करीबी विभाजित फैसले से हार का सामना करना पड़ा। पोखरिया का राष्ट्रमंडल खेलों में अभियान क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। उन्हें पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग में रॉबर्ट मैकनल्टी के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में सर्वसम्मत फैसले से हार का सामना करना पड़ा। पहले दो राउंड में बढ़त बनाने वाले मैकनल्टी ने तीसरे राउंड में भी अपना दबदबा कायम रखा और मुकाबला अपने नाम किया। इस हार के साथ कपिल राष्ट्रमंडल खेलों से बिना पदक के बाहर हो गए।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article