स्पोर्ट्स

Cristiano Ronaldo: क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस फुटबॉल क्ल्ब के हुए मुरीद, बोले- फुटबॉल के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ क्लब

Cristiano Ronaldo Statement: स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने रियल मैड्रिड फुटबॉल क्लब को लेकर बड़ा बयान दिया। रोनालडो ने कहा कि लोग कहते हैं कि रियल मैड्रिड चैंपियंस लीग में भाग्यशाली है, लेकिन ऐसा नहीं है। यह फुटबॉल इतिहास का सबसे बेहतरीन क्लब है।

Image

प्रैक्टिस के दौरान क्रिस्टियानो रोनाल्डो। (फोटो- Cristiano Ronaldo X)

Photo : Twitter

Cristiano Ronaldo Statement: क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रियल मैड्रिड के साथ रिकॉर्ड बेमिसाल है। इस पुर्तगाली स्ट्राइकर ने क्लब के लिए 450 गोल किए थे और चार बार यूईएफए चैंपियंस लीग जीती, जिसके बाद उन्हें "मिस्टर चैंपियंस लीग" कहा जाने लगा। रियल मैड्रिड अक्सर मैच के आखिरी क्षणों में खेल पलटने के लिए जाना जाता है। चैंपियंस लीग में उनकी कई यादगार वापसी देखी गई हैं, जिनमें सबसे ताजा 2023/24 के सेमी-फाइनल में बायर्न म्यूनिख पर जीत है। हालांकि, सोशल मीडिया पर कभी-कभी इसे भाग्यशाली कहा जाता है, लेकिन रोनाल्डो इसे नकारते हैं। उनका कहना है कि रियल मैड्रिड में "अलग ही माहौल" होता है।

रोनाल्डो ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "लोग कहते हैं कि रियल मैड्रिड चैंपियंस लीग में भाग्यशाली है, लेकिन ऐसा नहीं है। यह फुटबॉल इतिहास का सबसे बेहतरीन क्लब है और मैं वहां खेलकर बहुत खुश था। मैंने वहां सबसे ज्यादा गोल किए और हमने चार बार चैंपियंस लीग जीती। बर्नब्यू स्टेडियम में एक अलग ही माहौल होता है।" अब रियल मैड्रिड में किलियन म्बाप्पे का आना फुटबॉल की दुनिया में सबसे बड़ी खबर है।

रोनाल्डो ने म्बाप्पे के आने पर भी अपने विचार शेयर किए और फ्रेंच स्ट्राइकर के प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि किलियन रियल मैड्रिड में बहुत अच्छा करेंगे। क्लब बहुत मजबूत है। उनके पास एक बेहतरीन कोच और अध्यक्ष हैं। मुझे यकीन है कि वह वहां सफल होंगे।" अपने दो दशक लंबे करियर में, रोनाल्डो ने यूरोप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों में अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने स्पोर्टिंग लिस्बन (5 गोल), मैनचेस्टर यूनाइटेड (145 गोल), रियल मैड्रिड (450 गोल), युवेंटस (101 गोल), और अल-नासर (68 गोल) के लिए गोल किए हैं और कई रिकॉर्ड बनाए हैं।

छह बार बैलन डि'ओर जीतने वाले रोनाल्डो ने कुछ खिलाड़ियों के नाम भी लिए जो उनके अनुसार भविष्य में यह पुरस्कार जीत सकते हैं। उन्होंने बार्सिलोना के युवा खिलाड़ी लैमिन यामल का भी जिक्र किया। रोनाल्डो ने कहा, "किलियन म्बाप्पे अगले कुछ वर्षों में बैलन डि'ओर जीत सकते हैं, शायद हॉलैंड, बेलिंगहैम भी। और लैमिन यामल में भी काफी क्षमता है। मुझे लगता है कि इस नई पीढ़ी में बहुत संभावनाएं हैं।" हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय ब्रेक के दौरान रोनाल्डो ने अपने करियर का 900वां गोल किया था, जो क्लब और देश दोनों के लिए रिकॉर्ड है। इससे पहले किसी ने ये उपलब्धि हासिल नहीं की।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article