जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा NEET पेपर लीक के विरोध में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन में बड़ी तादाद में युवा जुड़े हैं और 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान उग्र हुए इस विरोध प्रदर्शन ने बहुत सुर्खियां बटोरी हैं। इस विरोध प्रदर्शन के समर्थन में राजनीति, बॉलीवुड व खेल के क्षेत्रों से तमाम हस्तियां आगे आई हैं। अब ओलंपिक में भारत को पहली बार गोल्ड मेडल दिलाने वाले पूर्व भारतीय निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने भी इसको लेकर अपनी बयान सोशल मीडिया पर साझा किया है।
अभिनव बिंद्रा ने सोशल मीडिया पर लिखा, "मैंने कभी खुद को राजनीतिक व्यक्ति नहीं माना है। लेकिन मेरा मानना है कि कुछ मुद्दे हम सभी से जुड़े होते हैं, चाहे हमारी सोच या स्थिति कुछ भी हो। शिक्षा उनमें से एक है। किसी देश की पहचान सिर्फ उसकी अर्थव्यवस्था या उपलब्धियों से नहीं, बल्कि अपने युवाओं के लिए पैदा किए गए अवसरों से होती है। ऐसा शिक्षा तंत्र जो आत्मविश्वास जगाए, काबिलियत को बढ़ावा दे और जिज्ञासा को पोषित करे, वो देश की सबसे बड़ी ताकतों में से एक होता है।"
अभिनव ने आगे लिखा, "मुझे उम्मीद है कि हम सब मिलकर अपने शिक्षा तंत्र को लगातार मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे, ताकि ये आने वाली पीढ़ियों के लिए अवसरों, नवाचार और उम्मीदों का स्रोत बना रहे।"
आपको बता दें कि जो विरोध-प्रदर्शन हो रहा है वे 2026 की NEET-UG मेडिकल प्रवेश परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों की वजह से शुरू हुए हैं। 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) और उसके संस्थापक अभिजीत दिपके के नेतृत्व में, हज़ारों छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग को लेकर एकत्रित हुए हैं। प्रदर्शनकारी परीक्षा में हुए घोटालों की गहन जांच और भारत में सार्वजनिक परीक्षाएं आयोजित करने के तरीके में बड़े और व्यवस्थित सुधार की भी मांग कर रहे हैं।
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी किया पोस्ट
आज ही पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए अपनी भावनाएं जाहिर कीं और युवाओं को सुझाव भी दिया। उन्होंने लिखा, "हर बच्चे, छात्र, महिला और पुरुष के लिए। आप शांति से सीखने, सुरक्षित रूप से आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के अवसर के हकदार हैं। आपकी भलाई ही एक बेहतर भारत की नींव है। आइए, हम सब मिलकर देखभाल, अवसरों और उम्मीदों वाला समाज बनाएं। बातचीत के ज़रिए, हम भारत के भविष्य के लिए कोई अच्छा समाधान निकाल सकते हैं।"
