क्रिकेट

ZIM vs AFG 1st T20 Pitch Report: जिम्बाब्वे-अफगानिस्तान पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

ZIM vs AFG 1st T20 Pitch Report In Hindi: आज (11 December 2024) अफगानिस्तान का जिम्बाब्वे दौरा शुरू होगा तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के साथ। सीरीज का पहला टी20 मुकाबला आज हरारे में खेला जाएगा। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने हाल में कुछ बड़े कमाल किए हैं इसलिए मेजबान जिम्बाब्वे को उनसे संभलकर रहना होगा। वहीं दूसरी तरफ कुछ ही दिन पहले पाकिस्तान के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज गंवाने वाली जिम्बाब्वे की टीम ने उन दोनों सीरीज में पाकिस्तान को एक-एक मुकाबला हराकर कुछ मनोबल हासिल जरूर किया है। यहां हम जानेंगे आज के मैच की पिच रिपोर्ट।

Image

जिम्बाब्वे-अफगानिस्तान पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • जिम्बाब्वे-अफगानिस्तान टी20 सीरीज 2024
  • आज जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मुकाबला
  • हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा पहला मैच

ZIM vs AFG 1st T20 Pitch Report In Hindi Today Match: आज एक और अंतरराष्ट्रीय टी20 सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे के दौरे पर पहुंची है जहां वो तीन टी20, तीन वनडे और फिर दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। सबसे पहले आगाज होगा टी20 सीरीज का, जिसका पहला मैच आज खेला जाएगा। जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मुकाबला हरारे (Harare) में खेला जाएगा। आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम रैंकिंग में अफगानिस्तान की टीम 10वें स्थान पर है, जबकि जिम्बाब्वे की टीम 12वें नंबर पर है। दोनों ही टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है। पहले टी20 मैच की शुरुआत भारतीय समय के मुताबिक शाम 5:00 बजे से होगी। इस सीरीज में जिम्बाब्वे टी20 टीम की अगुवाई करेंगे उनके दिग्गज ऑलराउंडर सिकंदर रजा (Sikandar Raza)। वहीं, अफगानिस्तान टी20 टीम की कमान उनके जादुई स्पिनर राशिद खान (Rashid Khan) के हाथों में होगी।

अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच आज से शुरू होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से पहले आपको बताते हैं कि जब ये दोनों टीमें इस फॉर्मेट में आमने-सामने आई हैं तो इतिहास के आंकड़े क्या कुछ कहते हैं। दिलचस्प बात ये है कि आज तक इन दोनों टीमों के बीच सिर्फ 2 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। इन दो मुकाबलों में दोनों टीमों ने 1-1 मैच जीता है। ये दोनों ही मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले गए थे। यानी पहली बार जिम्बाब्वे की जमीन पर इन दोनों टीमों की टक्कर होने जा रही है। जिम्बाब्वे-अफगानिस्तान टी20 सीरीज में जिन खिलाड़ियों पर सबकी नजरें रहने वाली हैं, उनमें मेजबान जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा के अलावा ब्रायन बेनेट (Brian Bennett), रिचर्ड एनगरावा (Richard Ngarava), ब्लेसिंग मुजरबानी (Blessing Muzarabani) और नई एंट्री न्यूमैन न्यामहुरी (Newman Nyamhuri) के नाम शामिल हैं। वहीं, अफगानिस्तानी फैंस की उम्मीदें राशिद खान के साथ-साथ विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (Rahmanullah Gurbaz), नूर अहमद (Noor Ahmad) और अजमातुल्लाह ओमरजई (Azmatullah Omarzai) से रहेंगी।

जिम्बाब्वे-अफगानिस्तान पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (ZIM vs AFG 1st T20 Pitch Report)

मेजबान जिम्बाब्वे और मेहमान अफगानिस्तान क्रिकेट टीमों के बीच आज होने वाला पहला टी20 मैच हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब (Harare Sports Club) में खेला जाना है। हरारे के मैदान पर बल्लेबाजों की बल्ले-बल्ले होना तय है। इतिहास के आंकड़े भी यही कहते हैं। यहां की पिच पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खूब रन बने हैं और इस बार भी ऐसी ही पिच तैयार है। यहां सर्वाधिक टी20 स्कोर इसी साल जुलाई में मेजबान टीम के खिलाफ भारत ने बनाए थे। उस मैच में टीम इंडिया ने 2 विकेट पर रिकॉर्ड 234 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया था। हरारे में पहले बैटिंग करने वाली टीम का औसत स्कोर 158 रन है जो बताता है कि यहां पर बल्लेबाजों को बाउंड्री लगाने के कितने अवसर मिलेंगे। बॉलर्स में शुरुआत में तेज गेंदबाज कुछ विकेट जरूर निकाल सकते हैं लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा स्पिनर्स यहां पर अपनी फिरकी का कमाल दिखाते नजर आएंगे। यहां खेले गए पिछले पांच टी20 मैच भारत के खिलाफ ही हुए हैं जिसमें मेजबान टीम सिर्फ एक ही मुकाबला जीत सकी थी।

हरारे में पिछले 5 टी20 मैचों के नतीजे और स्कोरकार्ड (Last 5 T20 Matches Results And Scorecards At Harare)

तारीख टीमें स्कोरकार्ड नतीजे
6 जुलाई 2024जिम्बाब्वे-भारतजिम्बाब्वे- 115/9, भारत- 102 ऑलआउटजिम्बाब्वे 13 रन से जीता
7 जुलाई 2024जिम्बाब्वे-भारतभारत- 234/2, जिम्बाब्वे- 134 ऑलआउटभारत 100 रन से जीता
10 जुलाई 2024जिम्बाब्वे-भारतभारत- 182/4, जिम्बाब्वे- 159/6भारत 23 रन से जीता
13 जुलाई 2024जिम्बाब्वे-भारतजिम्बाब्वे- 152/7, भारत- 156/0भारत 10 विकेट से जीता
14 जुलाई 2024जिम्बाब्वे-भारतभारत- 167/6, जिम्बाब्वे- 125 ऑलआउटभारत 42 रन से जीता

जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान की टी20 टीमें (Zimbabwe And Afghanistan T20 Squads)

जिम्बाब्वे टी20 टीमः सिकंदर रजा (कप्तान), ताकुदज्वनाशे कैटानो, वेस्ली मधेवेरे, फराज अकरम, ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ट्रेवर ग्वांडू, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजारबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड एनगरावा, न्यूमैन न्यामहूरी, टिनोटेंडा मापोसा और तदिवानाशे मारुमनी।

अफगानिस्तान टी20 टीमः राशिद खान (कप्तान), हजरातुल्लाह जजई, फरीद अहमद मलिक, नवीन उल हक, रहमानुल्लाह गुरबाज, मोहम्मद इशाक, सेदिकुल्लाह अटल, मोहम्मद नबी, दरविश रसूली, ज़ुबैद अकबरी, गुलबदीन नायब, करीम जनत, अजमातुल्लाह उमरज़ई, नांग्याल खरोती, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद और फजलहक फारूकी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article