क्रिकेट

IPL 2027: आईपीएल में बतौर कोच होगी युवराज सिंह की एंट्री, इस टीम का थाम सकते हैं हाथ

टीम इंडिया के पूर्व धुरंधर ऑलराउंडर युवराज सिंह की आईपीएल में एक बार फिर एंट्री होने जा रही है। इस बार वो आईपीएल में बतौर खिलाड़ी नहीं बल्कि कोच के रूप में नज़र आ सकते हैं।

Image

युवराज सिंह (फोटो क्रेडिट @YUVSTRONG12 X)

नई दिल्ली: टीम इंडिया के पूर्व धुरंधर ऑलराउंडर युवराज सिंह की आईपीएल में एक बार फिर एंट्री होने जा रही है। इस बार वो आईपीएल में बतौर खिलाड़ी नहीं बल्कि कोच के रूप में नज़र आ सकते हैं। वो साल 2027 के सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ सकते हैं। उन्हें टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया जा सकता है। दो साल के अंतराल के बाद जेएसडब्लू ग्रुप के हाथों में टीम का कमान आने के बाद युवराज दिल्ली कैपिटल्स के डग आउट में नजर आएंगे। टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली कैपिटल्स के एक सीनियर अधिकारी ने युवराज के टीम के साथ बतौर कोच जुड़ने की पुष्टि की है।

पहली बार किसी टीम के कोच बनेंगे युवराज

युवराज सिंह आईपीएल में पहली बार कोचिंग करते नजर आएंगे। 44 वर्षीय युवराज ने हाल के सालों में अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह और अब्दुल समद जैसे खिलाड़ियों को मेंटर किया है। इसके अलावा उन्होंने संजू सैमसन, ऋषभ पंत और प्रियांश आर्य के साथ भी काम किया है। हालांकि, वह अभी तक किसी फॉर्मल कोचिंग सेटअप का हिस्सा नहीं रहे हैं। कई फ्रेंचाइजी ने युवा क्रिकेटरों के साथ उनके काम और उनके करियर पर उनके असर पर बारीकी से नजर रखी है। अभिषेक शर्मा की आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सफलता पर युवराज सिंह का अहम योगदान रहा है।

युवा खिलाड़ियों के साथ काम करने का है अच्छा अनुभव

युवराज सिंह भले ही आधिकारिक तौर पर कोच नहीं रहे हैं लेकिन उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों के साथ काम किया है। वो नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के तौर तरीकों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। उन्होंने कोच की भूमिका को समझने के लिए काफी वक्त गुजारा है। सूत्र ने टीओआई से कहा, 'वह सिर्फ़ खिलाड़ियों को ट्रेनिंग नहीं देते; वह उन्हें मेंटर करते हैं। यह सिर्फ फोन कॉल या वर्चुअल सेशन तक सीमित नहीं है। वह घंटों मैदान पर बिताते हैं, अक्सर नेट्स के पीछे खड़े होकर और धूप में अपने खिलाड़ियों के साथ काम करते हैं। यह सच में सीधे तौर पर काम करने का तरीका है जिससे कई क्रिकेटरों को फ़ायदा हुआ है।'

वेणुगोपाल राव, हेमांग बदानी और मुनाफ पटेल की होगी छुट्टी

युवराज ने अपने प्रतिस्पर्धी करियर को अलविदा कहने से पहले कुल 132 मैचों में से अपना आखिरी आईपीएल मैच 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए खेला था। आईपीएल सूत्र ने पीटीआई से कहा,'दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में पूरी तरह से बदलाव होगा क्योंकि समझौते के अनुसार जेएसडब्ल्यू 2027-28 सत्र के लिए प्रबंधन संभालेगा। वेणुगोपाल राव, हेमांग बदानी और मुनाफ पटेल की तिकड़ी को नए सहयोगी स्टाफ के लिए जगह बनानी होगी जिन्हें सह मालिक जीएमआर ने नियुक्त किया था।'

सौरव गांगुली होंगे टीम डायरेक्टर

सूत्र ने पीटीआई से कहा,'सौरव गांगुली क्रिकेट निदेशक का पद संभालेंगे और युवराज बल्लेबाजी कोच के तौर पर टीम से जुड़ेंगे।' समझौते के अनुसार सह मालिक जीएमआर और जेएसडब्ल्यू बारी-बारी से दो साल के लिए पुरुषों की टीम का कामकाज संभालते हैं। दिल्ली कैपिटल्स पिछले दो सत्र में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई।

गांगुली की पसंद हैं युवराज

माना जा रहा है कि गांगुली ही युवराज को टीम में शामिल करना चाहते थे क्योंकि उनका बाएं हाथ के इस बल्लेबाज पर उनके पहले अंतरराष्ट्रीय कप्तान के तौर पर काफी प्रभाव रहा है। गांगुली क्रिकेट निदेशक के तौर पर जेएसडब्ल्यू की एसए20 फ्रेंचाइजी प्रिटोरिया कैपिटल्स और दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम की भी देखरेख करते थे। वहीं युवराज को सिर्फ पुरुषों की टीम की जिम्मेदारी संभालनी होगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या दिल्ली कैपिटल्स मौजूदा टीम के एक या दो खिलाड़ियों के बदले ऋषभ पंत के लिए ट्रेड कर सकती है या नहीं, जो लखनऊ सुपर जायंट्स छोड़ने के लिए तैयार हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article