पहले पायदान पर टीम इंडिया हुई मजबूत
भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ 4-1 के अंतर से सीरीज जीत के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे चक्र की अंक तालिका में पहले पायदान पर पहुंच गई है। टीम इंडिया के खाते में तीन सीरीज के 9 मैच में 6 जीत, 2 हार और एक ड्रॉ के साथ कुल 74 अंक हो गए हैं। भारतीय टीम की जीत प्रतिशत 68.51 है और उसके खाते में 2 निगेटिव अंक भी हैं।

WTC Points Table
इंग्लैंड का हार के बाद हाल हुआ बेहाल
इंग्लैंड की टीम को भारत के खिलाफ सीरीज में करारी हार का बड़ा नुकसान हुआ है। इंग्लैंड की टीम 10 मैच में 3 जीत, 6 हार और एक ड्रॉ के साथ अंक तालिका में 8वें स्थान पर है। इंग्लैंड के खाते में कुल 21 अंक हैं और उसका जीत प्रतिशत महज 17.5 का है। स्लो ओवर रेट की वजह से उसके खाते में 19 निगेटिव अंक भी हैं।
न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया का है दूसरे-तीसरे पायदान पर कब्जा
टीम इंडिया के बाद अंक तालिका में दूसरे पायदान पर 36 अंक और 60 जीत प्रतिशत के साथ न्यूजीलैंड की टीम है। वहीं ऑस्ट्रेलिया का 11 मैच में 78 अंक और 59.09 जीत प्रतिशत के साथ तीसरे पायदान पर कब्जा है। ऑस्ट्रेलिया ने 11 मैच में 7 जीत, 3 हार और एक ड्रॉ के साथ कुल 78 अंक हासिल किए हैं। उसके खाते में दस निगेटिव मार्क्स भी हैं।
अन्य टीमों का ऐसा है हाल
बांग्लादेश की टीम 12 अंक 50 जीत प्रतिशत के साथ चौथे, पाकिस्तान 22 अंक और 36.66 जीत प्रतिशत के साथ पांचवें, वेस्टइंडीज 16 अंक और 36.66 जीत प्रतिशत के साथ छठे और दक्षिण अफ्रीका 16 अंक और 33.33 जीत प्रतिशत के साथ सातवें पायदान पर है। श्रीलंका की टीम आठवें पायदान पर काबिज इंग्लैंड के बाद नौवें स्थान पर है। श्रीलंका अबतक मौजूदा चक्र में अपना खाता भी नहीं खोल सकी है। उसके खाते में कोई अंक नहीं है।
