वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मैच के चौथे दिन के बाद टीम इंडिया जीत से 280 रन दूर है। वहीं ऑस्ट्रेलिया जीत से 7 विकेट दूर है। आखिरी दिन तीनों परिणाम संभव है। कोहली और रहाणे ने अच्छी बल्लेबाजी की तो भारत भी इतिहास रच सकता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर मैच किसी कारण रद्द हो जाए या फिर ड्रॉ हो जाए तो फिर क्या होगा। हम आपको बताते हैं कि ऐसी स्थिति में किसे जीत मिलेगी?
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 444 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 164 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 44 और अजिंक्य रहाणे 20 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी कर चुके हैं और टीम इंडिया को उम्मीद है कि यह साझेदारी और भी लंबी होगी।
अगर मैच ड्रा होता है या किसी कारण रद्द हो जाता है तो संयुक्त रुप से विजेता घोषित कर दिया जाएगा। यहां तक की दोनों टीम के बीच प्राइज मनी का भी बंटवारा कर दिया जाएगा।
हालांकि, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए रिजर्व डे है, लेकिन अब तक जिस तरह से बिना किसी बाधा के 4 दिन का खेल हुआ है उसको देखते हुए नहीं लगता है कि रिजर्व डे का उपयोग किया जाएगा। रिजर्व डे का उपयोग ऐसी स्थिति में किया जाएगा जब बारिश और खराब रौशनी के कारण मैच में किसी तरह की बाधा पहुंचे।
कैसा रहेगा रविवार का मौसम
टीम इंडिया को आखिरी दिन 280 रन की दरकार है, जबकि ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट चाहिए। ऐसी स्थिति में कोई भी टीम नहीं चाहेगी कि बारिश के कारण मैच में किसी तरह की रुकावट हो। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी बारिश की संभावना न के बराबर है। यदि बारिश होती भी है तो 1 घंटे के खेल के नुकसान की भरपाई अतिरिक्त समय में कर दी जाएगी। यदि 1 घंटे से अधिक समय तक मैच में बाधा होती है तो इसे रिजर्व डे में पूरा किया जाएगा।
