क्रिकेट

शार्दुल ठाकुर ने की महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड की बराबरी

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Jun 9, 2023, 10:09 PM IST

WTC Final 2023: शार्दुल ठाकुर के लिए एक बार फिर ओवल का मैदान लकी साबित हुआ। उन्होंने 109 गेंद पर 51 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर टीम इंडिया फॉलोओन टालने में कामयाब रही। उन्होंने रहाणे के साथ मिलकर 109 रन की साझेदारी की। रहाणे ने सर्वाधिक 89 रन बनाए।

Image

शार्दुल ठाकुर (साभार-icc and AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • शार्दूल ठाकुर का अर्धशतक
  • एक बार फिर ओवल के मैदान पर लकी रहे शार्दूल
  • डॉन ब्रैडमैन की बराबरी की

शार्दुल ठाकुर के लिए ओवल का मैदान लकी रहा है। एक बार फिर उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से इस बात को साबित कर दिया। जब टीम इंडिया पर फॉलोओन का खतरा मंडरा रहा था तब उन्होंने ने न केवल 109 गेंद पर 51 रन की पारी खेली, बल्कि अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 109 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी भी की। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके लगाए। यह पहला मौका नहीं है जब ओवल के मैदान पर शार्दुल ने अर्धशतक जड़ा है। ओवल का मैदान उनके लिए हमेशा से लकी साबित हुआ है।

ओवल के मैदान पर लगातार तीसरा अर्धशतक

ओवल के मैदान पर शार्दुल का यह लगातार तीसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दो अर्धशतक लगाया था। इतना ही नहीं ओवल पर यह छठे विकेट के लिए 7वीं शतकीय साझेदारी है, जिसमें से 2 बार शार्दुल ठाकुर शामिल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 36 गेंद में 57 और फिर 72 गेंद में 60 रन की पारी खेली थी।

डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड की बराबरी की

इस पारी के दम पर शार्दुल ठाकुर ने ऑस्ट्रेलिया के एक नहीं दो-दो महान बल्लेबाज के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले इस मैदान पर लगातार 3 अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड सर डॉन ब्रैडमैन और एलन बॉर्डर के नाम था।

भारत की कराई वापसी

शार्दुल ठाकुर और अजिंक्य रहाणे के बीच हुई 109 रन की साझेदारी के कारण मैच में टीम इंडिया की लाज बच गई नहीं तो उसे फॉलोओन खेलना पड़ता। इन दोनों ने टीम इंडिया के स्कोर को 6 विकेट के नुकसान पर 152 से 261 तक पहुंचा दिया। 261 रन के स्कोर पर अजिंक्य रहाणे के रुप में टीम इंडिया ने अपना 7वां विकेट गंवाया। इसके बाद टीम ज्यादा रन नहीं जोड़ पाई और 296 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article