टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले के चौथे दिन एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने बतौर ओपनर भारत के लिए खेलते हुए 13,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर लिए हैं। पहली पारी में केवल 15 रन बनाने वाले रोहित ने दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने बतौर ओपनर यह उपलब्धि हासिल की। हालांकि, दूसरी पारी में भी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले विकेट के लिए गिल और रोहित केवल 41 रन ही जोड़ पाए।
तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने
बतौर ओपनर भारत के लिए 13,000 रन बनाने वालों की सूची में वह तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इससे पहले इस सूची में विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
बतौर ओपनर भारतीय बल्लेबाज
वीरेंद्र सहवाग- 15758
सचिन तेंदुलकर - 15335
वीरेंद्र सहवाग - 13002*
वीरेंद्र सहवाग 15,758 रन बनाकर इस सूची में पहले स्थान पर हैं, जबकि 15,335 रन के साथ सचिन तेंदुलकर दूसरे नंबर पर हैं।
भारत को मिला है 444 रन का लक्ष्य
टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जीतने के लिए इतिहास रचना होगा। खेल के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पारी 8 विकेट के नुकसान पर 270 रन बनाकर घोषित कर दी। भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जीतने के लिए 444 रन का लक्ष्य मिला है। यह लक्ष्य आसान भले न हो, लेकिन भारत की बल्लेबाजी को देखते हुए नामुमकिन बिल्कुल नहीं।
एक बार फिर नहीं चले गिल
पहली पारी में फेल रहे भारत की ओपनिंग जोड़ी ने दूसरी पारी में तेज शुरुआत तो की लेकिन जल्द ही शुभमन गिल के रुप में उसे पहला झटका लगा। गिल 19 गेंद पर 18 रन की तेज पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें स्कॉट बोलैंड ने कैमरन ग्रीन के हाथो कैच करवाया। पहली पारी में भी वह बोलैंड के शिकार बने थे। हालांकि, पहली पारी में 14 रन के स्कोर पर बोलैंड ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया था।
