क्रिकेट

WTC Final: लगातार दूसरी बार डब्ल्यूटीसी फाइनल में भारतीय टीम को मिली हार, इस बार ऑस्ट्रेलिया ने दी पटखनी

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Jun 11, 2023, 05:40 PM IST

WTC 2023 Final, IND vs AUS: लंदन के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम को लगातार दूसरी बार हार झेलनी पड़ी। इस बार टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया ने 209 रनों से पटखनी दी। इससे पहले टीम को न्यूजीलैंड ने मात दी थी।

Image

जीत के बाद जश्न मनाते हुए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी।

Photo : AP

WTC 2023 Final, IND vs AUS: वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम को लगातार दूसरी बार हार झेलनी पड़ी। लंदन के ऐतिहासिक मैदान पर खेल गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रन से हराया। मैच के निर्णायक दिन यानी पांचवें दिन भारत ने 164 रन और 3 विकेट से आगे खेलना शुरू किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआती 15 रन के अंदर भारत को दो बड़े झटके लगे। विराट कोहली और रवींद्र जडेजा आउट हो गए। कोहली अर्धशतक से चूक गए, जबकि पहली पारी में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाले रवींद्र जडेजा दूसरी पारी में बिना खाता खोले वापस लौट गए। शार्दुल ठाकुर भी खाता नहीं खोल पाए। टीम इंडिया की दूसरी पारी 63.3 ओवर में 234 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को जीत के लिए 444 रन का विशाल लक्ष्य दिया था।

ऑस्ट्रेलिया पर नहीं बना पाए दबाव

भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अच्छी शुरुआती की। टीम ने 121.3 ओवर में 469 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम 69.4 ओवर में 296 रन पर पहली पारी में ऑलआउट हो गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 8 विकेट 270 रन पर दूसरी पारी घोषित कर दी और भारत को जीत के लिए 444 रन का विशाल लक्ष्य दिया, लेकिन भारतीय टीम पांचवें दिन 234 रन पर आउट हो गई।

हेड ने खेली सबसे बड़ी पारी

लंदन के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए खिताबी मुकाबले मेंऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड ने सबसे बड़ी पारी खेली। भारत के खिलाफ पहली पारी में हेड ने 93.67 की स्ट्राइक रेट से 174 गेंदों पर 25 चौके और एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 163 रन बनाए। इसके बाद स्टीव स्मिथ ने भी शतकीय पारी खेली। उन्होंने 45.14 की स्ट्राइक रेट से 19 चौके की मदद से 268 गेंदों पर 121 रन बनाए। वहीं, दूसरी पारी में एलेक्स कैरी ने अर्धशतकीय पारी खेली।

पहली पारी में रहाणे का चला बल्ला

भारत के स्टार बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे का पहली पारी में जमकर बल्ला चला। उन्होंने 129 गेंदों पर 11 चौके और एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 89 रन बनाए थे, जबकि शार्दुल ठाकुर ने भी अर्धशतकीय पारी खेली थी। उन्होंने 109 गेंदों पर 6 चौके की मदद से 51 रन बनाए थे। वहीं, रवींद्र जडेजा अर्धशतक से चूक गए थे। दूसरी पारी में विराट कोहली ने 49 रन की सर्वाधिक पारी खेली, जबकि अजिंक्य रहाणे 46 रन पर आउट हो गए। रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर खाता तक नहीं खोल पाए।

पहले सीजन में इस टीम से मिली थी हार

भारतीय टीम लगातार दूसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले में पहुंची थी। लेकिन दूसरी बार भी हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले से पहले यानी 2019-2021 सीजन के फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से हुआ था। इस मुकाबले में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड से 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। काइल जेमीसन प्लेऑफ द मैच रहे थे।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article