IND vs AUS WTC Final 2023, Rohit Sharma press conference: टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 जून से लंदन के 'द ओवल' मैदान पर आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस महामुकाबले से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा आज मीडिया से मुखातिब हुए। रोहित शर्मा ने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए क्या कुछ कहा, यहां जानिए।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे प्रमुख बात इस मैच के प्लेइंग-11 को लेकर कही। भारतीय टीम इस मैच में किन 11 खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेगी, इस पर सभी की नजरें लगी हुई हैं। रोहित शर्मा ने इसके बारे में साफ कहा, "इस पर फैसला टीम प्रबंधन के साथ मिलकर लिया जाएगा और ऐलान मैच से पहले होगा।"
टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी आईपीएल 2023 के व्यस्त कार्यक्रम के बाद फिर से मैदान पर उतरने जा रही है, इसको लेकर भी उनसे सवाल हुआ तो रोहित शर्मा ने कहा कि समय कोई मायने नहीं रखता। खिलाड़ी हमेशा तैयारी करते रहते हैं।
इसके अलावा रोहित शर्मा से जब उनकी कप्तानी और उससे जुड़ी उपलब्धियों को लेकर सवाल हुआ, तो उन्होंने कहा कि, "मैं मैच, चैंपियनशिप जीतना चाहता हूं। आप इसके लिए ही खेलते हो। कुछ खिताब और असाधारण श्रृंखलाएं जीतना अच्छा रहेगा।"
लंदन में सुबह बादल छाए हुए थे और रोहित उन चार खिलाड़ियों में शामिल थे जो वैकल्पिक अभ्यास सत्र के लिए पहुंचे थे। भारतीय कप्तान के अलावा आर अश्विन, उमेश यादव और केएस भरत भी अभ्यास के लिए आए थे।
