WTC Final 2023, IND vs AUS Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रन से हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जीत लिया है। भारत को जीत के लिए 444 रन बनाने थे, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने पूरी टीम केवल 234 रन बनाकर आउट हो गई और ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन से मैच जीत लिया। 5वें दिन भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर 163 रन से आगे खेलना शुरू किया था, लेकिन स्कॉट बोलैंड ने एक ही ओवर में विराट कोहली और रवींद्र जडेजा का विकेट लेकर भारत की मंसूबों पर पानी फेर दिया।
5वें दिन के खेल का हाल
5वें दिन भारत को 280 रन की दरकार थी और विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे मैदान पर थे, लेकिन कल के स्कोर में 15 रन जोड़कर विराट कोहली आउट हो गए। उन्हें स्कॉट बोलैंड ने स्टीव स्मिथ के हाथो कैच करवाया। बोलैंड ने इसी ओवर में रवींद्र जडेजा को भी शून्य के स्कोर पर पवेलियन भेजा। छठे विकेट के लिए केएस भरत और रहाणे ने जरूर 33 रन जोड़े, लेकिन 46 रन के निजी स्कोर पर रहाणे मिचेल स्टार्क की गेंद पर खराब शॉर्ट खेलकर आउट हुए। उसके बाद लगातार विकेट गिरे और पूरी टीम केवल 234 रन बनाकर आउट हो गई।
जीतने के लिए रचना होगा इतिहास
टीम इंडिया को यदि WTC Final जीतना है तो उसे इतिहास रचना होगा, क्योंकि आज तक चौथी पारी में कोई इतना बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं कर पाया है। इस मैदान की बात करें तो चौथी पारी में यहां सर्वाधिक 262 रन का लक्ष्य हासिल किया गया है। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट इतिहास की बात करें तो चौथी पारी में सर्वाधिक 418 रन का लक्ष्य वेस्टइंडीज ने हासिल किया था। उसने साल 2003 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही यह लक्ष्य हासिल किया था।
अब तक इस मैच का हाल
इस मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में ट्रेविस हेड के 163 और स्टीव स्मिथ के 121 रन की पारी के दम पर 469 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में 296 रन ही बना पाई। भारत की तरफ से अजिंक्य रहाणे ने सर्वाधिक 89 और शार्दुल ठाकुर ने 51 रन की पारी खेली। दोनों ने 7वें विकेट के लिए 109 रन जोड़े थे।
दूसरी पारी का हाल
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 270 रन बनाकर पारी घोषित की। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से दूसरी पारी में सर्वाधिक 66 रन की पारी विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने खेली। कैरी के अलावा मार्नल लाबुशेन और मिचेल स्टार्क ने 41-41 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा ने 3 जबकि मोहम्मद शमी और उमेश यादव ने 2-2 विकेट झटके।
दूसरी पारी में भारत ने 444 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज शुरुआत की लेकिन 41 रन के स्कोर पर शुभमन गिल के रुप में उसे पहला झटका लगा। उन्होंने 19 गेंद पर 18 रन की पारी खेली। दूसरे विकेट के लिए चेतेश्वर पुजारा और रोहित शर्मा ने 51 रन की साझेदारी कर भारत की उम्मीद जगाई, लेकिन पहले रोहित और फिर जल्द ही पुजारा भी आउट हो गए। रोहित ने 43 तो पुजारा ने 27 रन की पारी खेली। चौथे विकेट के लिए कोहली और रहाणे के बीच अर्धशतकीय पारी हुई।
