क्रिकेट

WPL 2023: दिल्ली कैपिटल्स ने किया विजयी आगाज, आरसीबी को दी करारी मात

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 5, 2023, 07:37 PM IST

दिल्ली कैपिटल्स ने विमेंस प्रीमियर लीग के अपने पहले मुकाबले में रॉयल चलैंजर्स बेंगलोर को करारी मात देकर शुरुआत की है। शेफाली वर्मा और कप्तान मेग लेनिंग के बल्ले के तूफान में आरसीबी के गेंदबाज उड़ गए।

Image

दिल्ली कैपिटल्स(साभार Delhi Capitals)

Photo : Twitter

मुंबई: मेग लेनिंग की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने विमेंस प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स को 60 रन के बड़े अंतर से मात देकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की है। टूर्नामेंट के रविवार को खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान मेग लेनिंग और शेफाली वर्मा की आतिशी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 2 विकेट पर 223 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में आरसीबी की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 163 रन बना सकी।

शेफाली और लेनिंग ने की आतिशी शुरुआत

मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को शेफाली वर्मा और कप्तान मेग लेनिंग ने आतिशी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी की। शेफाली वर्मा ने 30 गेंद में और लेनिंग ने 31 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों के बीच 9.4 ओवर में शतकीय साझेदारी पूरी हुई। इसके बाद दोनों ने मिलकर टीम को 13.4 ओवर में 150 रन के भी पार पहुंचा दिया।

शतक से चूकीं शेफाली वर्मा

इसके बाद 15वें ओवर में हीदर नाइट ने दोनों का आउट करके पवेलियन वापस भेज दिया। लेनिंग 43 गेंद में 72 रन बनाकर बोल्ड हो गईं। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके जड़े। वहीं शेफाली 45 गेंद में 84 रन बनाकर ऋचा घोष के हाथों लपकी गईं और डब्लूपीएल इतिहास का पहला शतक पूरा करने से चूक गईं। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के जड़े।

कप औप रोड्रिग्स ने पहुंचाया दो सौ के पार

जल्दी जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद मारीजान कप और जेमिमा रोड्रिग्ज ने लय को कायम रखा और अंत में 2 विकेट के नुकसान पर टीम को 223 रन तक पहुंचा दिया। कप 17 गेंद में 39 और रोड्रिग्ज 15 गेंद में 22 रन बनाकर नाबाद रहीं। हीदर नाइट आरसीबी की सबसे सफल गेंदबाज रहीं उन्होंने 2 विकेट चटकाए। यह डब्लूपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।

तेज शुरुआत के बाद मंधाना को लगे दोहरे झटके

जीत के लिए 224 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने तेज शुरुआत की। तेजी से रन बनाने की कोशिश में सोफी डिवाइन 14 रन बनाकर कैप्सी की गेंद शेफाली वर्मा के हाथों लपकी गईं। ऐसे में स्कोर 4.2 ओवर में 1 विकेट पर 41 रन हो गया। ऐसे में लय में दिख रहीं कप्तान मंधाना 23 गेंद में 35 रन बनाकर कैप्सी का दूसरा शिकार बनीं।

नॉरिस ने बरपाया कहर

मंधाना के आउट होने के बाद एलिस पेरी और दिशा कासट ने मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 89 रन तक पहुंचाया लेकिन 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर नॉरिस ने पेरी(31) को बोल्ड कर दिया और पांचवीं गेंद पर कासट(9) को भी कैप्सी के हाथों कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं ऋचा घोष को भी नॉरिस ने भी चलता कर दिया। 93 के स्कोर पर आरसीबी की आधी टीम पवेलियन लौट गई और आरसीबी के सिर पर हार का खतरा मंडराने लगा।

नॉरिस ने झटका पंजा

नॉरिस ने इसके बाद अपनी खतरनाक गेंदबाजी जारी रखी। उन्होंने कनिका अहूजा को भी चलता कर दिया। इसके बाद शिखा पांडे ने शोभना आशा को आउट करके सातवां विकेट झटका। अंत में मेगन स्कट और हीदर नाइट ने मिलकर स्कोर को 150 रन के पार पहुंचाया। दोनों की साझेदारी को नॉरिस ने तोड़ दिया और डब्लूपीएल में पांच विकेट झटकने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं। अंत में आरसीबी की टीम 8 विकेट पर 163 रन बना सकी और 60 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। नॉरिस ने 4 ओवर में 29 रन देकर 5 विकेट लिए। वहीं एलिस कैप्सी के खाते में 2 और शिखा पांडे के खाते में 1 विकेट गया।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article