क्रिकेट

रोहित शर्मा आज मुंबई इंडियंस के लिए खेल सकते हैं आखिरी मैच, जानें वजह

Rohit Sharma last match for Mumbai Indians: मुंबई इंडियंस बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स का मैच भले ही टूर्नामेंट के लिहाज से जरूरी नहीं हो लेकिन मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए ये यादगार हो सकता है। दरअसल ये पांच बार के चैंपियन कप्तान रोहित शर्मा का मुंबई इंडियंस के लिए लास्ट मैच हो सकता है।

Image

रोहित शर्मा (फोटो- BCCI/IPL)

Rohit Sharma last match for Mumbai Indians: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 67वें मैच में मुंबई इंडियंस की टक्कर लखनऊ सुपर जायंट्स से होने वाली है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच से प्लेऑफ की रेस में कोई असर नहीं पड़ने वाला है। मुंबई इंडियंस पहले ही बाहर हो गई है वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए भी पहुंचना ना के बराबर ही है। मैच भले ही टूर्नामेंट के लिहाज से जरूरी नहीं हो लेकिन मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए ये यादगार हो सकता है। दरअसल ये मुंबई इंडियंस को पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान रोहित शर्मा का इस फ्रेंचाइज के साथ आखिरी मुकाबला साबित हो सकता है। इसका आधिकारिक ऐलान तो नहीं हुआ है लेकिन कई कारण सामने आए हैं जो कि इसी ओर इशारा कर रहे हैं।

आईपीएल 2024 की शुरुआत से पहले ही रोहित शर्मा को कप्तानी से हटा दिया गया। उनकी जगह हार्दिक को कमान सौंपी गई। इससे मैनेजमेंट ने ये साफ कर दिया था कि वे रोहित से आगे की सोच रहे हैं। इस निर्णय को ना ही फैंस द्वारा और ना ही टीम के साथियों द्वारा सही तरीके से लिया गया। फैंस ने नए कप्तान हार्दिक पांड्या की जमकर हूटिंग की थी। रिपोर्ट्स में तो ये तक दावा किया गया कि मुंबई इंडियंस की टीम में दो गुट हैं। जिसमें कई खिलाड़ी रोहित की तरफ हैं और कई हार्दिक के साइड में हैं। ऐसे में रोहित के फ्रेंचाइज छोड़ने की बात को और बल लगा।

वायरल वीडियो में रोहित शर्मा ने किया इशारा

रोहित के मुंबई इंडियंस छोड़ने की खबरें तुल पकड़ ही रही थी कि इसी बीच कोलकाता नाइट राइडर्स के ट्विटर हैंडल से एक वीडियो सामने आ गया जिसमें रोहित खुद कहते हुए नजर आए कि ये मेरा यहां पर आखिरी है। हालांकि बाद में ये वीडियो हटा दिया गया लेकिन इससे ये साफ हो गया कि हिटमैन का मुंबई इंडियंस में रुकने का मन नहीं है। खैर रोहित आगे मुंबई के लिए खेलेंगे कि नहीं ये तो मेगा ऑक्शन से पहले ही पता चलेगा लेकिन आज के मैच पर सभी की नजर है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article